ग्वालियर में किला गेट के पास निगम ने की तुड़ाई शुरू, जेसीबी के सामने बैठे कांग्रेसी नेता

ग्वालियर. फूलबाग से सेवानगर तक बन रही रोड के अतिक्रमण को हटाने के लिए निगम के अमले से शनिवार दोपहर से फिर तुड़ाई शुरू की। जैसे ही निगम के अमले ने मकानों पर अतिक्रमण हटाना शुरू किया। वैसे ही जेसीबी के सामने कांग्रेसी नेता आ गए और विरोध करना शुरू कर दिया। जेसीबी से हो रही भवनों की तोड़फोड़ से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपने अपने घरों को जल्दी से जल्दी तोड़ने में लगे हुए है। निगम ने दूसरे चरण में अतिक्रमण हटाने के लिए किला गेट से लेकर सेवानगर के बीच में 244 संपत्तिमालिकों को नोटिस जारी किए थे। साथ ही अतिक्रमण हटाने के लिए समय सीमा भी दी थी। समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटा तो शनिवार दोपहर को निगम का अमला पुलसि के साथ जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंच गया। जैसे ही अमले ने एक दुकान को तोड़ने के लिए जेसीबी चलाई वैसे ही जैसीबी के सामने कांग्रेस नेता आ गए और बैठ गए। ऐसे में जेसीबी को रोकना पड़ा। हालांकि इससे पहले तोड़फोड़ का विरोध आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी किया। लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया।

आक्रोश में पूरा बाजार बंद
किला गेट से लेकर सेवानगर रोड पर निगम की कार्रवाई के विरोध में लोगों ने अपनी दुकानों व प्रतिष्ठानों को बंद कर दिया है। तकरीबन पूरा बाजार ही बंद था और किसी तरह का कारोबार नहीं हो रहा था। जिस दुकान का केंद्रीय मंत्री ने काटा था फीता उस पर भी पहुंची जेसीबी। किला गेट के पास एक भाजपा कार्यकर्ता की दुकान है। इस दुकान का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने फीता काटकर किया था। लेकिन अतिक्रमण में होने की वजह से निगम की जेसीबी इसे भी तोड़ने के लिए पहुंच गईं।

दहशत का माहौल
जेसीबी पहुंचने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। जो लोग अपने मकानों को तोड़ नहीं रहे थे। वे भी जल्दी जल्दी स्वयं ही मकानों को तोड़ने लगे। इसकी वजह यह है कि जेसीबी से तुड़ाई होने पर पूरा मकान ही खराब हो जाता है। ऐसे में लाेग मजदूरों से अपने मकानों को जल्द से जल्द तुड़ाने में लगे हुए है।