तुड़ाई के विराेध में किलागेट पर कांग्रेस ने मशाल जुलूस निकाला लेफ्ट का धरना, प्रशासन की दो टूक आज मौका, फिर कार्रवाई

ग्वालियर. किलागेट से सेवा नगर पुलिया तक रोड के दोनों ओर की संपत्तियों पर निशान लगने के बाद लोगों ने न सिर्फ सामान समेटने का काम शुरू किया बल्कि अपने निर्माण के चिह्नित क्षेत्र की तुड़ाई भी खुद शुरू करा दी है। उधर, सराफ बाजार के निवासियों ने भी अपनी संपत्तियों को तोड़ना शुरू कर दिया है।

244 संपत्तियों पर कार्रवाई के लिए नोटिस चस्पा किए
लोगों द्वारा खुद ही हटाए जा रहे निर्माण को देखते हुए नगर निगम ने कार्रवाई को विराम दे दिया था। अधिकारियों का कहना है कि वे शुक्रवार को सुबह क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान यदि अधिकांश लोग अपने निर्माण हटाते का काम खुद ही कराते दिखाई देते हैं, तो उन्हें शाम तक का मौका देंगे, अन्यथा कार्रवाई की शुरुआत करेंगे। किलागेट चौराहे पर 17 संपत्तियां तोड़ने के बाद नगर निगम ने किलागेट से सेवा नगर पुलिया तक रोड के दोनों ओर की 244 संपत्तियों पर कार्रवाई के लिए छह घंटे के नोटिस चस्पा किए थे। नोटिस के अनुसार रोड की चौड़ाई 18 मीटर प्रस्तावित थी। लेकिन बाद में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के हस्तक्षेप के बाद रोड की चौड़ाई घटाकर 12 मीटर कर दी गई। इससे प्रभावित संपत्तियों की संख्या कम हो गई। इसके बाद लोगों ने खुद ही अपने निर्माण का चिह्नित भाग तोड़ना शुरू कर दिया।

लोग अब भी इस इंतजार में राजनीतिक हस्तक्षेप से तुड़ाई रुक जाए
हालांकि तमाम लोग अब भी इस इंतजार में हैं कि शायद किसी राजनीतिक हस्तक्षेप से तुड़ाई रुक जाए। इस पर निगम के अधिकारियों ने गुरुवार को चर्चा कर तुड़ाई की पूरी तैयारी कर ली है। इसके लिए पुलिस व जिला प्रशासन आदि विभागों से समन्वय भी स्थापित कर लिया गया है। शुक्रवार को निगम के क्षेत्रीय अधिकारी निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद कार्रवाई का समय तय किया जाएगा।