चंबल कांग्रेस MLA बोले मेरे खिलाफ कौन होगा प्रत्याशी, CM शिवराज-VD शर्मा को भी नहीं पता
ग्वालियर. मध्य प्रदेश में 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में अभी एक साल का वक्त बचा हुआ है, लेकिन बीजेपी कांग्रेस के विधायक और पूर्व विधायक अपने-अपने क्षेत्र में एक्टिव होने लगे हैं। कमलनाथ सरकार में मंत्री रहे कांग्रेस के एक विधायक ने 2023 के चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है, उनका कहना है कि अगले चुनाव में उनके खिलाफ बीजेपी की तरफ से प्रत्याशी कौन होगा, इस बात की जानकारी बीजेपी के दिग्गज नेताओं को भी नहीं है।
CM शिवराज-VD शर्मा को भी नहीं पता
लाखन सिंह यादव ने कहा कि ”भितरवार विधानसभा सीट के लिए प्रत्याशी चयन के लिए केवल बीजेपी नहीं बल्कि RSS भी चिंतन और मंथन कर रहा है। लेकिन प्रत्याशी तय नहीं हो पा रहा है। यहां तक की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को भी यह मालूम नहीं है कि प्रत्याशी किसे बनाया जाएगा। लाखन सिंह यादव के इस बयान के बाद ग्वालियर-चंबल अंचल में सियासी पारा गर्माता नजर आ रहा है।
ग्वालियर जिले की भितरवार विधानसभा सीट से लगातार तीन चुनाव जीतते आ रहे पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक लाखन सिंह यादव ने एक तरह से चुनाव के पहले ही बीजेपी को चेतावनी देनी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को प्रत्याशी चयन करने में अभी से पसीने छूट रहे हैं। भाजपा की ओर से दर्जनभर प्रत्याशी मैदान में हैं, लेकिन टिकट किसको को मिलेगा यह किसी को भी पता नहीं है।