पुलिस के साथ एनकाउंटर में डकैत गुड्डा गुर्जर के पैर में गोली लगी
ग्वालियर. पुलिस के साथ एनकाउंटर में डकैत गुड्डा गुर्जर के पैर में गोली लगी है। ग्वालियर के घाटीगांव के जंगल में ग्वालियर क्राइम ब्रांच ने किया एनकाउंटर। जानकारी के अनुसार गुड्डा पर एक लाख रुपए का इनाम रखने का प्रस्ताव भी हाल ही में भेजा गया था। इस डकैत पर वर्तमान में साठ हजार इनाम है।
ADG डी श्रीनिवास वर्मा ने बताया कि पुलिस को घाटीगांव इलाके में डकैत गुड्डा गुर्जर के होने की सूचना मिली थी। ग्वालियर क्राइम ब्रांच और घाटीगांव पुलिस सर्चिंग के लिए बसोटा के जंगल में पहुंची थी, जहां पुलिस और डकैत के बीच फायरिंग हुई। डकैत के पैर में गोली लगी है। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। डकैत गुड्डा के पास 315 बोर की बंदूक मिली है। गुड्डा पर 3 हत्या, 5 हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। साथ ही 28 से 30 डकैती के मामले दर्ज हैं। गुड्डा पर 60 हजार रुपए का इनाम था। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने डकैत गुड्डा गुर्जर की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इससे पहले सीएम शिवराज सिंह चौहान ने गुड्डा गुर्जर को लेकर आईजी को वीडियो कॉन्फ्रेंस में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने कहा था कि डकैत गुड्डा गुर्जर की वजह से प्रदेश की छवि खराब हो रही है। उसका तुरंत सफाया करो।
उल्लेखनीय है कि 28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुरैना और श्योपुर जिले में आए दिन वारदातों को अंजाम दे रहे 60 हजार के इनामी डकैत गुड्डा गुर्जर को लेकर वीसी में नाराजगी जाहिर की थी। सीएम ने कहा कि दस्युमुक्त हो चुकी चंबल घाटी में डकैत गिरोह की गतिविधियों से पूरे प्रदेश की छवि बदनाम हो रही है। शुक्रवार को जबकि सीएम मुरैना आ रहे हैं उससे पहले पुलिस ने यह अहम सफलता हासिल की है।
पहले 4 परिजन को गिरफ्तार किया
पुलिस ने डकैत गुड्डा गुर्जर के 4 परिजन को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उन पर डकैत की मदद करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि डकैत की भतीजी खाने-पीने का सामान और कारतूस पहुंचाने जा रही थी। डकैत गुड्डा के भतीजे को उसका मोबाइल फोन सर्विलांस पर लेकर पकड़ा है।पुलिस ने बताया कि गुड्डा की भतीजी प्रीति गुर्जर (18) एक झोले में सामान लेकर अकेली जा रही थी। उससे 15 कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने प्रीति के पिता पप्पू गुर्जर (गुड्डा का बड़ा भाई) और भतीजा यशवीर गुर्जर उर्फ यश (19) को भी गिरफ्तार किया है। प्रीति और यशवीर अपने मौसा श्रीकृष्ण गुर्जर के पास मुरैना के सिविल लाइन इलाके के पास रहते हैं। दोनों पिछले 2-3 साल से यहीं हैं। पुलिस ने श्रीकृष्ण गुर्जर को भी अरेस्ट कर जेल भेज दिया है।