इस साल 500 और अगले साल 2000 फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित होंगीं – भारत सिंह कुशवाह

ग्वालियर उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर जिले में मौजूदा साल में 500 और अगले साल 2 हजार खाद्य प्रसंस्करण इकाइयाँ (फूड प्रोसेसिंग यूनिट) स्थापित की जायेंगीं। इन इकाईयों की स्थापना पर सरकार 250 करोड़ रूपए खर्च करेगी। इन इकाईयों के जरिए जिले के लगभग 40 हजार लोगों को सीधे तौर पर आर्थिक लाभ मिलेगा। इसी तरह हर माह राष्ट्रीय आजीविका मिशन से जुडीं जिले की एक हजार महिलाओं को फूड प्रोसेसिंग के लिये मदद मुहैया कराने का लक्ष्य खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा रखा गया है।
शुक्रवार को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुए जिला स्तरीय रोजगार दिवस एवं “एक जिला – एक उत्पाद” कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा ग्वालियर सहित सम्पूर्ण प्रदेश के सभी जिलों में अगले 2 साल के भीतर प्रदेश सरकार 500 करोड़ रूपए खर्च कर 10 हजार फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव ने की।

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री कुशवाह ने कहा खुशी की बात है कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर हर माह रोजगार मेले लगाकर लोगों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक मदद मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने कहा उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग प्रदेश के निवासियों को आत्मनिर्भर बनाने के काम में भरपूर मदद कर रहा है। विभाग से अनुदान लेकर कोई भी किसान भाई या व्यक्ति फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। खासकर किसान भाई अपनी उपज की प्रोसेसिंग कर दोगुने से अधिक मुनाफा कमा सकते हैं। सरकार फूड प्रोसेसिंग यूनिट के लिये 10 लाख रूपए तक का अनुदान देती है। साथ ही भण्डारण के लिये भी आर्थिक मदद दी जाती है। श्री कुशवाह ने कहा कि ग्वालियर जिला “एक जिला-एक उत्पाद” कार्यक्रम के तहत आलू उत्पादन व सेण्डस्टोन के लिये चिन्हित किया गया है। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की योजनाओं के तहत जिले के निवासी आलू उत्पादन व आलू की प्रोसेसिंग यूनिट के लिये विभाग से आर्थिक मदद प्राप्त कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में धार जिले के पीथमपुर में आयोजित हुए प्रदेश स्तरीय रोजगार दिवस एवं एक जिला-एक उत्पाद कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी ग्वालियर के जिला स्तरीय कार्यक्रम में हुआ।
विजयगढ़ बनेगा मशरूम ग्राम
राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार ने इस अवसर पर कहा कि जिले के विजयगढ़ गाँव को मॉडल बतौर मशरूम गाँव के रूप में विकसित किया जायेगा। यहाँ के किसानों को मशरूम की खेती के लिये उद्यानिकी विभाग द्वारा आर्थिक व तकनीकी मदद मुहैया कराई जायेगी।