GWALIOR में भैंस बांधने पर चली गोलियां, 2 गुटों में झगड़ा, लाठी-डंडे, पत्थर फेंके, चलीं गोलियां, 4 घायल

ग्वालियर. ग्वालियर में सरकारी जमीन पर भैंस बाधने को लेकर दो गुटों में हुई मारपीट और फायरिंग का VIDEO सामने आया है। VIDEO में दिखाई दे रहा है कि दोनों ही गुटों के लोग एक-दूसरे पर पथराव कर रहे हैं। साथ ही लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे हैं। झगड़े में एक पक्ष लाइसेंसी राइफल से फायरिंग करते भी नजर आ रहा है। साेमवार को VIDEO जैसे ही पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया है, पुलिस ने एक्शन लेते हुए दोनों ही गुटों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। झगड़े में तीन से चार लोग घायल होने की भी खबर है।

यह है पूरा मामला
ग्वालियर के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले वासुदेव ने थाना पहुंचकर पुलिस को शिकायत कर बताया है कि सुबह 5:30 बजे उसके घर के सामने खाली पड़ी जमीन पर पड़ोस में रहने वाला भूरा उर्फ लोकेन्द्र गुर्जर व कल्ली उर्फ योगेंद्र गुर्जर भैंस बांधकर चला गया। जिस पर वासुदेव गुर्जर ने विरोध किया तो कल्ली और भूरा उसके साथ गाली गलौज कर पथराव करने पर अमादा हाे गए। इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे। वासुदेव को बचाने उनका भाई महावीर आया तो उसके साथ भी मारपीट की। इतना ही नहीं योगेंद्र गुर्जर ने अपनी 315 बोर की लाइसेंसी बंदूक से दो बार फायरिंग भी की। झगड़े में वासुदेव की तरफ से भी पथराव, लाठी-डंडे चले हैं। पड़ोस में रहने वाले किसी व्यक्ति ने दोनों पक्ष में हो रहे झगड़े का VIDEO शूट कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। झगड़े में तीन से चार लोग घायल हुए हैं। वायरल VIDEO जैसे ही पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया पुलिस ने तत्काल VIDEO के आधार पर दोनों ही पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने लाइसेंसी हथियार से फायरिंग करने वाले एक पक्ष हथियार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस का कहना
हस्तिनापुर थाना प्रभारी सुरजीत सिंह परमार का कहना है कि दो पक्षों में सरकारी जमीन पर भैंस बांधने को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों ही पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के ऊपर अपनी लाइसेंसी बंदूक से गोलियां चला दीं। विवाद का एक VIDEO भी सामने आया है जिसके आधार पर दोनों ही पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है साथ ही एक पक्ष के हथियार बरामद कर लिए है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।