ग्वालियर से भोपाल ले जाना था 1575 किलो मावा, गोदाम में छुपाकर रखा, सैंपलिंग कर किया जब्त

ग्वालियर. दिवाली से पहले ग्वालियर-चंबल अंचल में मिलावटी-नकली मावा की आवक बढ़ गई है। खाद्य विभाग के अफसरों ने बाजारों और दुकानों पर नजर रखना शुरू की, तो हाइवे पर अवैध रूप से मावा के गोदाम तैयार हो गए हैं। शुक्रवार को तिघरा रोड झंडापुरा में गोदाम से प्रशासन ने भूसे में छुपाकर रखा गया 1575 किलो मावा जब्त किया गया है। यह मावा किसका है, कहां से आया, कहां भेजना है, किसी को कुछ नहीं पता। एक आयशर ट्रक चालक पुलिस को मिला है। उसे यह मावा ट्रक में लोड कर ग्वालियर से भोपाल तक ले जाना था। भोपाल में कोई व्यापारी उससे खुद संपर्क कर यह माल डंप करा देता। मावा नकली होने की पूरी संभावना है। खाद्य विभाग ने मावा की सैंपलिंग कर जब्त कर लिया है।

क्या है पूरा मामला
दिवाली के त्यौहार में महज 2 दिनों का वक्त बाकी है, लेकिन मिलावटी मावे की सप्लाई मध्य प्रदेश के ग्वालियर चंबल संभाग से रुकने का नाम नहीं ले रही। शुक्रवार को ग्वालियर जिला प्रशासन ने कार्रवाई के तहत 1575 किलो मावा यानी कि 16 क्विंटल मावा जब्त किया है। यह मावा ग्वालियर से भोपाल भेजा जा रहा था। प्रशासन को सूचना मिली थी कि तिघरा रोड गुप्तेश्वर मंदिर के आगे झंडा का पुरा गांव में गोदाम बनाया गया है, जहां काफी मात्रा में मावा छुपाकर रखा गया है। इसके बाद तिघरा रोड स्थित इस गोदाम पर छापामार कार्रवाई की गई है। इस दौरान दो लोग मिले, जो यह भी नहीं बता पा रहे हैं कि यह गोदाम किसके नाम पर है, मावा किसके नाम पर यहां लाया गया। बस इतना बता पा रहे हैं, उन्हें लोडिंग आयशर गाड़ी से ग्वालियर से भोपाल तक यह मावा लेकर जाने का आदेश मिला था। आदेश किससे मिला था यह भी नहीं बता पा रहे हैं। उन्होंने अपने एक मालिक का नाम बताया है, जिसने उन्हें यहां भेजा था।
खाद्य विभाग ने की सैंपलिंग
टीम को यकीन है कि मावा खाने योग्य नहीं है, क्योंकि मावा से अलग तरह की स्मैल आ रही है। खाद्य विभाग ने मावा के सैंपल लेकर जब्त कर लिया है। 24 घंटे के अंदर यदि कोई व्यापारी इस पर दावा कर दस्तावेज नहीं दिखाता है, तो इसे नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।