केन्द्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने नई दिल्ली में की खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की उद्घोषणा

केन्द्रीय एवं युवा मामलों के मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने आज नई दिल्ली में 5वें खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की घोषणा की। अशोक होटल दिल्ली में आज हुए उद्घोषणा कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 की मशाल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को सौंपी। खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी मध्यप्रदेश करेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने खेलों की मेजबानी मध्यप्रदेश को दिये जाने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय मंत्री श्री अनुराग ठाकुर को धन्यवाद देते हुए कहा कि इन खेलों के आयोजन से मध्यप्रदेश में खेलों की दिशा में नई क्रांति आयेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जिस संकल्प के साथ मध्यप्रदेश को खेलो इंडिया यूथ गेम्स की जिम्मेदारी सौंपी है, उसे मध्यप्रदेश पूरी शिद्दत से निभाएगा। प्रदेश के 8 नगर भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, मण्डला, महेश्वर और बालाघाट में 31 जनवरी से 11 फरवरी 2023 के बीच यह आयोजन होगा।

केन्द्रीय मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि इस बार देश के दिल मध्यप्रदेश में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2022 का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में खेलों का जो वातावरण बना है, उससे अनेक खेल प्रतिभाओं ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रर्दशन कर भारत का नाम रोशन किया है। श्री ठाकुर ने कहा कि मलखम्ब कभी भारत के इतिहास का हिस्सा था, आज खेलो इंडिया गेम में शामिल किया गया है। हर तरफ इस खेल को तारीफ मिली है और बढ़ावा दिया गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की कल्पना थी कि हम ओलिम्पिक गेम को तो बढ़ावा दें, साथ ही पारम्परिक खेलों को भी आगे बढ़ायें। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और खेल मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया को मलखम्ब को राज्य खेल बनाने की बधाई दी। केन्द्रीय खेल मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि पहले खेलों के प्रति उदासीनता थी, अब माता-पिता अपने बच्चों और स्वयं भी फिट रहने के लिये खेलों से जुड़ने के लिये प्रेरित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स का मध्यप्रदेश में ऐसा आयोजन किया जायेगा, जिसे पूरा भारत ही नहीं दुनिया भी देखेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मेजबानी देकर मध्यप्रदेश में जो विश्वास दिखाया है उसकी कसौटी पर पूरी तरह से खरा उतरने का हम प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन से खेलो इंडिया के माध्यम से गाँव-गाँव में खेलों का विकास हो रहा है। खेल के क्षेत्र में भारत अब चमत्कार कर रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि देश के दिल मध्यप्रदेश में सभी का स्वागत करता हूँ। खेलो इंडिया यूथ गेम्स हम दिल से करेंगे। भारत की परंपरा है "अतिथि देवो भव", मेहमान जो हमारा होता है वह जान से प्यारा होता है। हम अपने खिलाड़ियों को जान से ज्यादा संभाल कर रखेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सबसे बड़ा काम अगर कोई किया है तो देश के मानस को बदलने का। हमारे देश में पहले ऐसा वातावरण था, जिसे लोग मजाक में कहते थे अरे यह तो इंडिया है यहाँ तो कुछ हो ही नहीं सकता। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने यह सिद्ध कर दिया है कि भारत सब कुछ कर सकता है और हर क्षेत्र में कर सकता है। उनके प्रयासों से वैभवशाली, गौरवशाली, समृद्ध और शक्तिशाली भारत का निर्माण हुआ है।