GWALIOR में बिना अनुमति पटाखे बेचे तो होगी कार्रवाई
ग्वालियर. दीपावली पर्व पर बिना लाइसेंस के पटाखे बेचने पर जिला प्रशासन कार्रवाई करेगा। इस सम्बन्ध में अपर जिला कलक्टर ने आदेश जारी कर दिए। जिला प्रशासन के अनुसार दीपावली पर्व 2022 के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गिरवाई नाका स्थित आतिशबाजी के 14 स्थायी लायसेंस के साथ-साथ ग्वालियर नगर निगम सीमा क्षेत्र में ग्वालियर व्यापार मेला प्रांगण, अनुभाग डबरा, भितरवार एवं घाटीगांव क्षेत्र में एसडीएम द्वारा निर्धारित स्थानों पर अस्थायी आतिशबाजी विक्रय हेतु लायसेंस जारी किये जा रहे हैं। इन निर्धारित क्षेत्रों के अतिरिक्त अन्य स्थलों पर आतिशबाजी का विक्रय प्रतिबंधित है। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सभी एसडीएम, नगर पुलिस अधीक्षक एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों को आदेश दिए हैं कि वह अपने-अपने अनुभाग / थाना क्षेत्रान्तर्गत निरीक्षण कर निर्धारित स्थलों / लायसेंसधारियों के अतिरिक्त अन्य व्यक्तियों / स्थानों, फुटपाथ, ठेलों पर एवं अन्य किसी भी स्थान पर किसी प्रकार की आतिशबाजी के विक्रय पर “पूर्णतः रोक की पालना की करवाई जाए। यदि कोई व्यक्ति ऐसे स्थलों पर आतिशबाजी विक्रय करता पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कार्यवाही की जाए।
करने होंगे सुरक्षा के इंतजाम
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार स्थायी / अस्थायी आतिशबाजी लायसेंसियों को पटाखे की बिक्री के दौरान आगजनी व दुर्घटना रोकने के लिए अग्निशमन यंत्रों, रेत की बाल्टी, पानी की बाल्टी, निर्देशानुसार विद्युत व्यवस्था, दुकानों के मध्य छोड़े गये क्षेत्र को खाली रखना होगा। इस संबंध में भी क्षेत्र एसडीएम / सीएसपी / थाना प्रभारी निगरानी रखनी होगी। लायसेंसी द्वारा शर्तों का उल्लंघन पाये जाने पर कार्यवाही हेतु प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। पुलिस अधीक्षक सभी क्षेत्रों में राउंड द क्लॉक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
नगर निगम व पालिका को रहना होगा अलर्ट पर
नगर निगम / नगर पालिका स्थायी आतिशबाजी / अस्थायी आतिशबाजी विकय स्थलों पर आगजनी एवं उस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पर्याप्त मात्रा में फायर बिग्रेड, रेत एवं अन्य सुरक्षा इंतजामों के साथ-साथ पेयजल, चलित शौचालय, प्रकाश व्यवस्था की व्यवस्था भी करनी होगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी / सिविल सर्जन ग्वालियर को इन स्थलों पर एक-एक एम्बूलेंस मय डाक्टर्स की राउंड द क्लॉक ड्यूटी लगाने के आदेश दिए गए है।