ग्वालियर में बाजारों में बरसेगा धन, खुलेगा बाड़ा, धनतेरस से पहले खरीदारी का महामुहूर्त
ग्वालियर. दीपावली आने में अब एक सप्ताह भी बाकी नहीं रह गया है। ऐसे में टोपी बाजार, सुभाष मार्केट, नजरबाग मार्केट, गांधी मार्केट, दौलतगंज एवं सराफा समेत महाराज बाड़ा स्थित सभी बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है। मुरार और हजीरा के बाजारों में भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। चूंकि मंगलवार को पुष्य नक्षत्र पड़ रहा है, ऐसे में साप्ताहिक अवकाश होने के बाद भी महाराज बाड़ा समेत अन्य बाजार खुले रहेंगे।
सराफा बाजार पुष्य नक्षत्र के कारण जमकर चमकने वाला है
पुष्य नक्षत्र में कपड़ा, इलेक्ट्राॅनिक्स, ऑटोमोबाइल, विशेषकर सराफा बाजार से सोना-चांदी एवं हीरे के गहनों का बंपर कारोबार होगा। सराफा कारोबारी गौरव गोयल का कहना है कि दीपावली के कारण पहले से ही सराफा कारोबारियों के शोरूम व दुकानों में काफी अच्छी बिक्री हो रही है। ऐसे में मंगलवार को सराफा बाजार पुष्य नक्षत्र के कारण जमकर चमकने वाला है। नजरबाग मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश बंसल का कहना है कि बीते दो साल के मुकाबले काफी अच्छा कारोबार व्यापारियों का हो रहा है। ऐसे में मंगलवार को भी बड़ा पूरी तरह से खुला रहेगा।
टेंपल कलेक्शन ज्वैलरी की विशेष मांग, उत्कृष्ट डिजाइन हर रेंज में उपलब्ध
स्वर्ण सरोवर के संचालक वरदान मित्तल ने बताया कि मंगलवार का दिन सराफा कारोबारियों के लिए प्री-धनतेरस की तरह होगा। लोग पुष्य नक्षत्र में बेहतर ढंग से खरीदारी कर पाएंगे।
सुवर्णा ज्वेल्स के संचालक अखिलेश गोयल का कहना है कि टेंपल कलेक्शन की विशेष मांग देखी जा रही है। पुष्य नक्षत्र पर डिलेवरी लेने के लिए बहुत सारे लोगों ने बुकिंग कराई है।
मनीष ज्वैलर्स के यश महेश्वरी ने बताया कि सोने के साथ ही हीरे के गहनों की मांग बहुत अधिक है। लोग धनतेरस की भीड़ से बचने के लिए पुष्य नक्षत्र के दो दिनों में खरीदारी करने बहुत अधिक आएंगे।
गहना ज्वैलर्स के संचालक अजय मंगल का कहना है कि बाजार में अत्याधिक सकारात्मकता देखी जा रही है, ऐसे में पुष्य नक्षत्र में बंपर कारोबार होने की उम्मीद है।