ग्वालियर में जाम ने किया आम और खास को परेशान
ग्वालियर. रविवार को नए एयर टर्मिनल का शिलान्यास करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आए थे। इस वजह से पुलिस व प्रशासन ने जो ट्रैफिक व्यवस्था बनाई थी। उससे शहर का हर आम और खास व्यक्ति परेशान रहा। क्योंकि शहर में वीआईवी मूवमेंट की वजह से ट्रैफिक को रोका गया। जिससे शहर में कई जगहों पर जाम लगा रहा। लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। दूसरे शब्दों में कहें तो पूरा शहर ही इससे प्रभावित हुआ और शहर में दोपहर 2 बजे के बाद लोगों को मुसीबत उठानी पड़ी।
गृहमंत्री अमित शाह का एयरपोर्ट से मेला मैदान, मेला मैदान से जयविलास पैलेश और जय विलास पैलेश से एयरपोर्ट तक जाने का रूट था। यानि महाराजपुरा से गोला का मंदिर, गोला का मंदिर से आकाशवाणी से गांधी रोड और पड़ाव आरओबी होकर जयविलास पैलेश जाना था। इस रूट से अधिकतर शहर के लोग आना जाना करते है। ऐसे में इस रूट पर वीआईपी मूवमेंट था और इसे तकरीबन 3 बजे से शाम पौने सात बजे तक बंद ही रखा गया। हालांकि बीच बीच में कुछ देर के लिए खोला भी गया। लेकिन जाम अधिक होने से लोगों को आने जाने में खासी परेशानी हुई और लोग जाम में ही फंसे रहे।