255 दुकानों के लिए लॉटरी निकली 20 से मेला मैदान में बिकेंगे पटाखे

ग्वालियर. ग्वालियर व्यापार मेला मैदान में लगने वाले अस्थाई आतिशबाजी बाजार के लिए लॉटरी निकाली गई। कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई हॉल में ये प्रक्रिया पूरी हुई और 255 दुकानों की लॉटरी निकली। झांसी रोड एसडीएम सीबी प्रसाद ने आतिशबाजी विक्रेताओं की मौजूदगी में ये प्रक्रिया पूरी की।

हालांकि, 3 बजे से निकाले जाने वाली लॉटरी के लिए शुरूआत 4 बजे से हो पाई। जिसको लेकर व्यापारियों ने नाराजगी जताई। जिन लोगों की लॉटरी निकली है वे मेला मैदान में दुकानें लगा सकेंगे। आतिशबाजी विक्रेता संघ के अध्यक्ष हरीश दीवान ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे की वजह से फिलहाल दुकानें नहीं लगेंगी। 17 अक्टूबर से दुकानें लगाई जाना शुरू करेंगे और 20 अक्टूबर से वहां आतिशबाजी की बिक्री शुरू होगी। पहले ये बाजार 15 से 25 अक्टूबर तक लगाया जाना था।