फूलबाग रोड पर कार और बाइक पर गिरा पेड़, चार घायल, अस्पताल में कराया भर्ती
ग्वालियर. फूलबाग रोड पर एक पेड़ कार और बाइक पर गिर पड़ा। जिस समय पेड़ गिरा कार और बाइक सड़क से गुजर रही थी। इस हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। इसमें से एक युवक गंभीर रूप से घायल है, उसके सिर में चोट लगी है। इस हादसे के बाद सुबह यहां वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस और नगर निगम का अमला पहुंचा।
फूलबाग रोड पर दीनदयाल माल के सामने सड़क किनारे लगा पेड़ शुक्रवार सुबह अचानक गिर पड़ा। जहां पेड़ गिरा, वहां से कार और बाइक गुजर रही थी। बाइक सवार पेड़ गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि कार में पीछे सवार युवक को भी चोट लगी हैं। कार की छत पर पेड़ गिरा, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, यहां तक कि कांच फूटा, जिससे अंदर सवार एक युवक के मुंह पर भी कांच लगा। यहां मौजूद राहगीर मदद के लिए दौड़े। इसके बाद इन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया। फिर अस्पताल भिजवाया गया।
पांच ब्लैक स्पॉट, यहां नहीं रुक रहे हादसे
ग्वालियर में लगातार हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए कई कवायद हो चुकी हैं, लेकिन हादसे नहीं रुक रहे। सबसे ज्यादा खराब स्थिति ब्लैक स्पाट पर है, जहां लगातार हादसे हो रहे हैं। शहर में पांच ब्लैक स्पाट हैं, जहां हादसे रोकने के लिए निरीक्षण किया गया, तमाम प्रयास हुए लेकिन हादसे नहीं रुके। यहां हादसे की सबसे बड़ी वजह तेज गति, रोड इंजीनियरिंग की कमी व अन्य तकनीकि वजह है। यहां इंटरसेप्टर व्हीकल लगाया गया, लेकिन कुछ दिन इससे ओवरस्पीड वाहनों पर कार्रवाई हुई, फिर कुछ दिन बाद कार्रवाई बंद हो गई। यही वजह है- यहां हादसे नहीं रुक रहे।