महाराज बाड़े पर ठेकेदार की बढ़ी मनमानी, सड़क पर किया कब्जा, ट्रैफिक हो रहा जाम

ग्वालियर. दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही महाराज बाड़ा क्षेत्र में भीड़ भाड़ बढऩे लगी है। वहीं सड़क पर पार्किंग ठेकेदार के अलावा, फड़, फुटपाथी व हाथ ठेले वालों ने भी अभी से कब्जा करना शुरू कर दिया है। स्थिति यह है कि ठेकेदारी फर्म द्वारा बाड़े पर जगह-जगह पार्किंग संचालित करने के बोर्ड भी लगवा दिए गए हैं। जिसकी ओर न तो निगम के मदाखलत अधिकारी का कोई ध्यान है और ना ही पुलिस प्रशासन का। त्योहार आने के चलते अब काफी संख्या में लोग खरीदारी करने के लिए बाड़े पहुंच रहे हैं। जिससे सड़क पर हाथ ठेले, फड़ वाले, फुटपाथी अधिक होने के चलते आमजन को खासी भीड़ का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बाड़े से गुजरने वाले दो पहिया वाहन भी रेंगरेंग कर चल रहे हैं।

जगह-जगह पार्किंग के बोर्ड
सुभाष मार्केट, गोरखी गेट स्टैट बैंक के सामने, नजरबाग, टाउन हॉल के नीचे व पार्क के आसपास सहित अन्य जगह पर भी ठेकेदारी फर्म द्वारा नगर निगम पेड पार्किंग 10 रुपए प्रति चार घंटे के बोर्ड लगवा दिए हैं। इससे जहां ठेकेदारी फर्म द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। वहीं निगम को भी लाखों रुपए के राजस्व का घाटा हो रहा है।
कर्मचारी पट्टी के बाहर लगावा रहे हैं वाहन
नगर निगम की ओर से महाराज बाड़ा पार्किग का ठेका 34 लाख रुपए में 15 सितंबर से 31 मार्च 2022 तक दिया गया है। जिसमें ठेकेदारी फर्म द्वारा महाराज बाड़ा क्षेत्र के नजरबाग के बाहर, कार पार्किंग विक्टोरिया मार्केट के बाहर, सराफा बाजार तिराहे से दौलतगंज तक है और वहां पर सफेद पट्टी की लाइन भी डाली गई है। लेकिन ठेकेदारी फर्म के कर्मचारी सराफा बाजार, गोरखी के पास, पोस्ट ऑफिस,पुलिस चौकी के सामने,टाउन हॉल के पास लाइन के बाहर वाहन का संचालन करा रहे हैं। इससे हर दिन सड़क पर जाम लग रहा है।

कार्रवाई का जाएगी
महाराज बाड़े पर अतिक्रमण को लेकर मैं सख्त निर्देश दे चुका हूं। यदि ठेकेदार द्वारा सड़क पर वाहन लगवाए जा रहे है तो कार्रवाई की जाएगी। मैं इस संबंध में जानकारी लेता हूं।
किशोर कान्याल आयुक्त नगर निगम