ग्वालियर में गृहमंत्री अमित शाह ढाई घंटे रहकर करेंगे नए टर्मिनल का शिलान्यास
ग्वालियर. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 16 अक्टूबर को ग्वालियर आना लगभग तय है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार गृहमंत्री नियत दिनांक को अपरान्ह 3 बजे राजमाता विजयाराजे विमानतल पर उतरेंगे। 3.30 बजे प्रस्तावित नए टर्मिनल का भूमि पूजन करेंगे। 3.35 बजे मेला ग्राउंड पहुंचेंगे। इसके बाद करीब एक घंटे तक अन्य नेताओं के भाषण होंगे और फिर शाम 4.55 से 5.25 बजे तक ग्रहमंत्री के भाषण का समय रखा गया है।
इससे पहले वे रिमोट के द्वारा अन्य निर्माण कार्यों का शिलान्यास, लोकार्पण और मंच से हितग्राहियों को हित लाभ देंगे। गृहमंत्री के आने से पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक लेंगे। इस बैठक में नागरिक उड्डयन, प्रशासन, पुलिस के अधिकारी शामिल रहेंगे। इसके अलावा केन्द्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों के भी आने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय आलू अनुसंधान केन्द्र की करीब 143 एकड़ भूमि पर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल सहित अन्य निर्माण प्रस्तावित हैं। इसके लिए लगभग 450 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी कामों का शिलान्यास 16 अक्टूबर को गृहमंत्री से कराया जाएगा। प्रशासन और पुलिस इसके लिए पूरी तैयारी कर रहा है। मुख्यमंत्री की बैठक के बाद VVIP रूट पर व्यवस्थाएं करने के लिए फाइनल प्लानिंग होगी। VVIP मार्ग के आसपास रहने वाले सभी लोगों का डेटा इकट्ठा करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।