गाँधी जयंती पर VRG कॉलेज में चला सफाई अभियान
ग्वालियर महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर विजियाराजे शासकीय कन्या महाविद्यालय मुरार की छात्राओं द्वारा महाविद्यालय परिसर में सफाई अभियान चलाया गया। ग्वालियर के पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महाविद्यालय परिसर में साफ-सफाई सहित पर्यटन जागरूकता से जुड़ी गतिविधियाँ गाँधी जयंती पर आयोजित की गईं।
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा महिलाओं के लिए संचालित सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत रागिनी फाउंडेशन द्वारा विजयराजे शासकीय कन्या महाविद्यालय मुरार में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर बापू को श्रद्धांजलि दी गई।
आत्मरक्षा का प्रशिक्षण ले चुकी महाविद्यालय की छात्राओं और एनएसएस छात्राओं के सहयोग से सफाई अभियान चलाया गया। साथ ही महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा की गई। महिलाओं के लिये संचालित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1091 व 100 नंबर सभी छात्राओं को याद कराए गए।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सुशीला माहोर, डॉ. मंजू सिंह कोर्डिनेटर वीआरजी, श्रीमती सना खान कॉर्डिनेटर रागिनी फाउंडेशन, सुश्री मनजोत कौर, सुश्री ज्योति गोस्वामी एनएसएस कोऑर्डिनेटर आदि उपस्थित रहे।
लोकप्रशासन अध्ययनशाला विभाग द्वारा चलाया गया स्वच्छता अभियान
जीवाजी विश्वविद्यालय के राजनीतिक विज्ञान अध्ययनशाला द्वारा दो दिवसीय स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के पहले दिन शनिवार को शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों व छात्र छात्राओं द्वारा साफ-सफाई का कार्य किया गया।दूसरे दिन 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के उपलक्ष्य में स्वच्छता संबंधित जागरूकता बढ़ाने के लिए विभाग के समस्त छात्र एवं छात्राओं व शिक्षकों द्वारा स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया।स्वच्छता जागरूकता रैली का शुभारंभ विवि के कुलपति प्रो.अविनाश तिवारी द्वारा किया गया। रैली विवि परिसर से आरंभ होकर गोविंदपुरी, सिटीसेंटर मार्ग होते हुए विवि प्रांगण में समापन किया गया।रैली के समापन के उपरांत अतिथियों द्वारा चित्र कला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।स्वच्छता अभियान से संबंधित नुक्कड़ नाटक,गायन,चित्रकला प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।