ग्वालियर के भितरवार में भजन गाने गए दो युवकों के संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूबे मिले शव
भितरवार. भितरवार के अंतर्गत आने वाले ग्राम करहिया थाना क्षेत्र के दुबहा ब्लाक कालोनी पर रहने वाले दो युवकों के शव हरसी हाई लेवल नहर में मिले जिसकी जानकारी लगते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। वहीं घटना की सूचना मिलते ही करहिया पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नहर से निकलवाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितरवार पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले को लेकर करहिया पुलिस के द्वारा बताया गया है कि थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुबहा के ब्लॉक कॉलोनी पर रहने वाले 35 वर्षीय गब्बर जाटव पुत्र शंकर लाल जाटव ,40 वर्षीय अशोक पुत्र मंगल सिंह जाटव दोनो ही युवकों के शव हरसी हाई लेवल नहर में ग्राम ख़िरकाई और देवरी टांका गांव के बीच नहर में पड़े मिले जिन्हें नहर से निकालकर मृतकों के पीएम कराने के उपरांत मामले की छानबीन शुरू कर दी है ।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
उक्त घटना के सम्बंध में मृतक दोनों युवकों के भाई बंटी और रिंकू ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार की देर शाम पड़ोस में ही रहने वाले बलराम जाटव, राजेन्द्र जाटव एवं रवि जाटव के साथ राजेन्द्र और रवि की मोटरसाइकिल पर सवार होकर अशोक और गब्बर सहित पांचों लोग गांव के पास ही स्थित चमेली के चक पर आयोजित नवदुर्गा महोत्सव के कार्यक्रम में नाचने और गाने के लिए गए हुए थे जहां से पांचों लोग देर रात्रि देवरी टांका गए वहां से वापिस आते समय ख़िरकाई और देवरी टांका गांव के बीच से होकर निकली हरसी हाई लेबल नहर की पुलिया पर अर्धरात्रि के लगभग नहर की पुलिया पर कुछ नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद आपस मे झगड़ बैठे इसी दौरान किसी इन्हीं तीनो लोगों में से किसी ने उन्हें नहर में धक्का दे दिया और वह नहर में गिर पड़े और तीनों लोग मोटरसाइकिल से अपने घर वापिस आ गए । शनिवार की सुबह उक्त तीनों लोगों से जब परिजनों ने अशोक और गब्बर के बारे में पूंछा तो उन्होंने कहा हमारे साथ नहीं थे ।
प्रत्यक्षदर्शी ने खोला नहर पर हुई लड़ाई का राज
शनिवार की शाम तक गब्बर और अशोक का कोई पता नही चल सका तो आसपास के क्षेत्र में भी परिजनों के द्वारा छानबीन की गई तभी गाँव के ही कमलसिंह परिहार ने मृतक गब्बर के भाई रिंकू जाटव को बताया कि शुक्रवार की रात्रि में नहर पर पांचों लोग नशीले पदार्थ के सेवन के बाद आपस मे झगड़ते हुए देखा था कमल सिंह परिहार द्वारा दी गयी जानकारी के बाद रिंकू ने अपने और अशोक के भाई बंटी और उसके परिजनों को मामले की जानकारी दी तो एक राय होकर सभी लोग तीनों के घर पहुँचे तब भी तीनों के द्वारा साथ न होने की बात बताई जब रिंकू और बंटी द्वारा तीनों को कहा कि में पुलिस के पास जाकर तुम्हारे नाम से अपहरण का मामला दर्ज कराता हूँ तब कहीं जाकर तीनों लोगों ने स्वीकार किया कि हम पांचों के बीच मे झगड़ा हुआ तभी झगड़ते समय वो दोनों में नहर में जा गिरे। पुलिस के डर से घबराकर हम अपने घर लौट आये । घटना का राज खुल जाने के बाद परिजनों ने रात भर बताई गयी जगह से लगभग दो किलोमीटर तक नहर पर सर्चिंग अभियान चलाया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। रविवार को अलसुबह 7 बजे के लगभग करहिया थाना क्षेत्र की सीमा के ग्राम ख़िरकाई के पास दोनों युवकों के शव नहर में पड़े मिले । उक्त घटना की जानकारी लगने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर मौका ए पंचनामा बनाकर मर्ग कायम कर मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भितरवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया जहां शवों का पोस्टमार्टम किया गया और पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।