शहर में आचार संहिता लगते ही नगर निगम ने शहर से पोस्टर व बैनर हटाने की मुहिम चालू की

ग्वालियर. नगरीय निकाय चुनाव के लिए आचार संहिता लगते ही नगर निगम ने शहर से पोस्टर व बैनर हटाने की मुहिम चालू कर दी है। स्थानीय मंत्री, निगम मंडल अध्यक्ष व सांसद को सत्कार शाखा द्वारा दिए गए प्रोटोकॉल वाहन भी गुरूवार को वापस ले लिए जाएंगे। आचार संहिता के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं होगा। कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह द्वारा गुरूवार को पंचायत चुनाव की तरह शहर के लिए भी प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए जाएंगे। इनमें लाइसेंसी हथियार सस्पेंड करना, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, उत्तेजित करने वाले पोस्टर, विश्राम गृह आवंटन, नुक्कड़ सभाएं, संपत्ति विरूपण, सार्वजनिक स्थानों पर आतिशबाजी का प्रदर्शन आदि शामिल हैं।

वहीं पंचायत चुनाव के लिए तीसरे दिन 88 नामांकन जमा हुए। गुरूवार को नामांकन भरने की प्रक्रिया और तेज हो जाएगी। ज्ञात रहे अभी तक ग्रामीण क्षेत्र में 40 प्रतिशत हथियार ही थानों में जमा हुए है जबकि अंतिम तारीख 2 ज2न तय है। इसकी तारीख 2 से 3 दिन आगे बढ़ सकती है। जिले में 33 हजार लाइसेंसी हथियार हैं।

अवैध कॉलोनियों पर नहीं हो पाएगी कार्रवाई
अगले दो महीने चुनावी काम में अफसर व्यस्त रहेंगे। इससे अवैध कॉलोनाइजरों को धंधा चमकाने चुनावी मौका मिल जाएगा। नगर निगम के मुताबिक नई सूची में 240 अवैध कॉलोनियां थीं, इनमें से 34 में कार्रवाई हो चुकी है। इसके बाद कुल 13 एफआईआर हुई हैं। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि वे बीच-बीच में अवैध कॉलोनाइजरों पर कार्रवाई जारी रखेंगे। शहर के 66 वार्ड में कुल 10 लाख 68 हजार 267 मतदाता हैं। इनमें 5 लाख 65 हजार 504 पुरुष और 5 लाख 2 हजार 674 महिला मतदाता शामिल हैं। जिले के सभी 7 नगरीय निकायों में कुल 12 लाख 34 हजार 832 मतदाता हैं।