ग्वालियर में AAP नेता से SDM बोले यू नॉनसेंस लेडी, चिल्लाते हुए कहा हट-हट जस्ट शटअप, कलेक्टर तक पहुंची बात
ग्वालियर. हट-हट यू जस्ट शटअप, नॉनसेंस लेडी… ग्वालियर में कुछ इस तरह से SDM सीबी प्रसाद ने AAP की प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर से बात की। इसके बाद कलेक्ट्रेट पर बवाल मच गया। मामला बुधवार का है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता फूटी कॉलोनी में गरीबों के मकान तोड़ने के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे थे। वह कलेक्टर से मिलना चाहते थे, लेकिन SDM कि जिद थी कि कार्यकर्ता उन्हें ही ज्ञापन सौंप दें। ऐसा नहीं करने पर SDM भड़क गए। इसी को लेकर AAP नेता से उनकी बहस हुई। AAP नेता ने कलेक्टर से SDM के अभद्र व्यवहार की शिकायत की है।
क्या है पूरा मामला
कुछ समय पहले प्रशासन ने सिरोल स्थित फूटी कॉलोनी में अतिक्रमण को हटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं। वहां रहने वाले गरीबों के मकान तोड़े गए थे। इसी कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी लगातार प्रदर्शन कर रही है। आम आदमी पार्टी के नेता कलेक्ट्रेट पहुंचकर मांग कर रहे थे कि फूटी कॉलोनी इलाके में अतिक्रमण तोड़ने के बाद जो लोग बेघर हुए हैं, उन्हें घर दिए जाएं। SDM को भड़कते देखकर AAP नेता मनीक्षा सिंह तोमर भी गुस्से में आ गईं और यू शट अप कह दिया। इस पर वहां विवाद की स्थिति बन गई। वहां पहले से मौजूद पुलिस बल ने हालात पर काबू पाया।
कलेक्टर से की SDM की शिकायत
आम आदमी पार्टी ने कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह से SDM सीबी प्रसाद के व्यवहार की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। आप नेता का कहना है कि एक प्रशासनिक अधिकारी उनके साथ ऐसा व्यवहार कर रहा है तो आम लोगों के साथ उनका बर्ताव कैसा रहता होगा।