ग्वालियर में ट्रक-कार की टक्कर में 3 की मौत

 


ग्वालियर. इटावा से शाजापुर बड़े भाई के अंतिम संस्कार के लिए कार से जा रहे परिवार को ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार कई बार पलटी खाकर सड़क के नीचे जा गिरी। हादसे में कार में बैठी दो महिलाएं और एक पुरुष की मौत हो गई। वहीं दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग निकला। हादसा घाटी गांव थाना क्षेत्र में हुआ। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सूरजपुर में रहने वाले प्रेमसिंह कुशवाह के बड़े भाई होमसिंह कुशवाह का शाजापुर में निधन हो गया था। होमसिंह दरोगा थे। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने प्रेमसिंह उनकी पत्नी मिथलेश, बेटी रूबी, चालक संदीप चचेरा भाई देवेंद्र सिंह राजावत समेत परिवार के सदस्य देवेंद्र की कार से शाजापुर जा रहे थे। घाटीगांव क्षेत्र में कार को सामने से ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रेम सिंह की कार कई बार पलटी खाते हुए पलट गई। इसमें प्रेम सिंह की पत्नी मिथलेश राजावत (50) बेटी रूबी भदौरिया (30) और चचेरे भाई देवेंद्र सिंह राजावत (35) की मौत हो गई। वहीं, प्रेम सिंह और चालक संदीप घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भिजवाया।

ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घाटीगांव थाने के एसआई मोहम्मद अनवर शाह का कहना है कि घायलों को 108 की मदद से अस्पताल पहुंचाया था। मौके पर एक की मौत हो गई थी। दूसरे ने अस्पताल जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया था। तीसरे घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।