व्यापारी के यहां से 400 ग्राम सोना 1 किलो चांदी और 12 लाख रूपये ले गये चोर
उपनगर मुरार की रिवर व्यू कॉलोनी निवासी फर्नीचर व आढ़त व्यापारी योगेश अग्रवाल के यहां सोमवार को दिनदहाड़े 33 लाख रूपये की चोरी हो गयी। चोर यहां से 12 लाख रूपये नगद, 400 ग्राम सोना और एक किलो चांदी ले गये। चोरों ने घर का लॉक काटने के बाद एक कमरे का ताला तोड़ा फिर उसमें रखी अलमारी का ताला तोड़कर माल समेट ले गये।
क्या है पूरा मामला
घटना के समय व्यापारी अपनी दुकान पर और उनकी पत्नी सराफा बजार लश्कर में रहने वाले अपने भाई के घर गयी थी। अपार्टमेंट से 50 मीटर की दूरी पर स्थित एक घर लगे सीसीटीवी कैमरे में व्यापारी के फ्लैट का मुख्यद्वार ही दिखाई दे रहा है। पुलिस चोरों के सुराग के लिये सीसीटीवी फुटेज तलाश रही है। व्यापारी योगेश अग्रवाल रिवर व्यू कॉलोनी में साईकृपा अपार्टमेंट में रहते हैं। उनकी पत्नी बेटी के साथ लगभग 10 बजे लश्कर के सराफा में रहने वाले सराफा व्यापारी भाई के घर महाराष्ट्र से आयी बहन से मिलने के लिये गयी थी और इसके बाद सुबह लगभग 11.30 बजे योगेश अग्रवाल भी घर का ताला लगाकर दुकान पर चले गये।