जीवाजी विश्वविद्यालय में छात्रों ने तालाबंदी की, आफलाइन परीक्षा के विरोध में आक्रोश प्रदर्शन भी किया तालाबंदी भी की
कोरोना संक्रमण के दो साल के बाद इस बार जीवाजी विश्वविद्यालय में ऑफलाइन परीक्षा कराई जा रही है। ऑफलाइन परीक्षा के आदेश पिछले दिनों ही जारी किए गए है। अब परीक्षा को महज 7 दिन बचे है। ऑफलाइन परीक्षा के विरोध में सोमवार को जेयू में छात्र एकत्रित हो गए और उन्होंने ऑफलाइन परीक्षा का विरोध करना शुरू कर दिया। आक्रोशित छात्रों ने न केवल जेयू प्रबंधन व शासन के खिलाफ नारेबाजी की बल्कि जेयू की अध्ययन शालाओं में तालाबंदी कर दी। छात्रों के आक्रोश को देखते हुए जेयू प्रबंधन के अफसर भी इधर उधर हो गए। छात्रों से बात करने के लिए भी सामने कोई नहीं आया।
आफलाइन परीक्षा करानी थी तो पहले आदेश करना चाहिए था
आक्रोशित छात्रों का कहना है कि यदि आफलाइन परीक्षा करानी ही थी तो पहले आदेश करना चाहिए था। जिससे उन्हें परीक्षा की तैयारी करने का मौका मिलता। लेकिन अब सात दिन में परीक्षा की तैयारी कैसे होगी। इसलिए या तो परीक्षा को आगे बढ़ाया जाए या फिर ओपनबुक प्रणाली से परीक्षा कराई जाए। साथ ही अभी कोरोना की तीसरी लहर चल रही है। ऐसे में आफलाइन परीक्षा कराना उनके स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ है। इसलिए आफलाइन परीक्षा न कराई जाए।
छात्रों का आक्रोश को देख डाल दिए ताले
जेयू में छात्र एकत्रित हुए और उन्होंने नारेबाजी करना शुरू कर दिया। नारेबाजी के दौरान ही छात्र विश्वविद्यालय की अध्ययन शालाओं में पहुंच गए और उन्होंने तालाबंदी करना शुरू कर दिया। छात्रों को समझाने के लिए पहले तो प्रबंधन के अफसर आगे आए। लेकिन उनके आक्रोश को देखते हुए वे भी चले गए। छात्र नारेबाजी करते रहे।