भाजपा को घेरने कांग्रेस ला रही आरोप पत्र!

ग्वालियर। अभी कुछ दिन पहले कांग्रेस ने अपना वचन पत्र (घोषणा पत्र) जारी किया है। इस लोकलुभावन पत्र के बाद अब कांग्रेस आरोप पत्र ला रही है। इस आरोप पत्र के माध्यम से कांग्रेस भाजपा को घेरने की कोशिश करेगी। बताया जा रहा है कि चुनाव से पहले जारी होने वाले इस आरोप पत्र में कई ऐसे मुद्दों को शामिल किया गया है, जिन पर कांग्रेस पूरे साल सरकार को सड़क से लेकर सदन तक घेरती आई है।
खबर है कि इसकी जिम्मेदारी खुद नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने संभाली है, उन्होंने ही कांग्रेस के वर्तमान विधायकों के साथ मिलकर आरोप पत्र तैयार किया है और भाजपा को घेरने की रणनीति बनाई है। बताया जा रहा है कि आरोप पत्र को कमलनाथ को सौंपा गया है। कमलनाथ की मंजूरी मिलने के बाद कांग्रेस इसे जनता के बीच ले जाकर भाजपा के खिलाफ माहौल तैयार करेगी।