शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र और उनके परिवार का नाम मतदाता सूची से गायब

जिला कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा की पत्नी रीमा व बच्चों सहित पूरे परिवार के नाम मतदाता सूची से विलोपित हो गए है। बुधवार को सूची चेक करते हुए शर्मा ने स्वयं यह गड़बड़ी पकड़ी। गड़बड़ी पकड़ आने के बाद प्रवक्ता राजकुमार शर्मा ने मुख्य चुनाव आयुक्त को ईमेल पर शिकायत की है। इस शिकायत में उन्होंने इसे आगामी वर्ष में चुनावों को देखते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का भाजपा द्वारा अभियान चलाए जाने का आरोप लगाया गया है।

अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से नगर निगम की मतदाता सूची चेक कर कलेक्टर कार्यालय में अपनी आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है। बताया गया है कि देवेंद्र शर्मा सहित उनकी पत्नी रीमा शर्मा, पुत्र मनु शर्मा व पुत्री नैना शर्मा के नाम भी मतदाता सूची में नहीं है। देवेंद्र शर्मा व उनका परिवार दक्षिण विधानसभा के वार्ड 34 के मतदाता है।