नगर निगम ने दाल बाजार में पार्किंग लाइन डाली, बाहर पार्क वाहनों व खाली लोडिंग के खिलाफ कार्रवाई होगी
ग्वालियर. शहर में ट्रैफिक सुधार अभियान के तहत रविवार को नगर निगम ने दाल बाजार में पार्किंग लाइन डाल दी। अब आज सोमवार से पुलिस बाजार में लाइन के बाहर पार्क वाहनों व खाली लोडिंग के खिलाफ कार्रवाई करेगी। इंदरगंज चौराहा व राजीव प्लाजा पर भी सड़क पर जाम लगाने वाले वाहनों पर पुलिस चालानी कार्रवाई करेगी। शहर में बिना हेलमेट वाहन चालकों पर भी पुलिस चेकिंग पाइंट लगाकर कार्रवाई करेगी। ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए भी हजीरा व मुरार क्षेत्र में बैठक कर व्यवस्था तय की जाएगी।
हेलमेट अभियान को सोमवार से तेज किया जाएगा
एएसपी हितिका वासल ने बताया कि पार्क होने वाले वाहनों व खाली लोडिंग वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। शहर में हेलमेट अभियान को सोमवार से तेज किया जाएगा। इस अभियान में चौराहा पर बिना हेलमेट वाहन चालकों के ई चालान बनाए जाएंगे और शहर में प्रमुख मार्गों व चौराहों पर भी चेकिंग पॉइंट लगाकर बिना हेलमेट वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। हेलमेट लगाने के लिए चौराहों पर एनाउंसमेंट कर वाहन चालकों को जागरूकता के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
हजीरा व मुरार में भी ट्रैफिक व्यवस्था सुधार के लिए कार्रवाई की जाएगी
वहीं डाल बाजार, लोहिया बाजार, शिंदे की छावनी, इंदरगंज, राजीव प्लाजा में अभियान के साथ ही अब हजीरा व मुरार में भी ट्रैफिक व्यवस्था सुधार के लिए बैठक व कार्रवाई की जाएगी। इन बाजारों में भी जल्द ही पहले व्यापारियों के साथ बैठक में विचार किया जाएगा।