मप्र में स्कूल पूरी क्षमता के साथ खोले जाएंगे- गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा
भोपाल. मध्य प्रदेश में कोरोना प्रतिबंध पूरी तरह हटने के बाद अब स्कूल पूरी क्षमता के साथ खोले जाएंगे। आज शाम तक स्कूलों को खोलने के आदेश जारी होने की संभावना है। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि कल ही प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार ने भी वीडिया जारी कर इस बारे में कहा था। परमार ने कहा था कि यशश्वी मुख्यमंत्री माननीय शिवराज जी के द्वारा कोरोना की समीक्षा कर प्रदेश में कोविड-19 के सारे प्रतिबन्धों को समाप्त किया है। परीक्षा के लिए समय कम है इसलिए सभी शिक्षक बन्धु/भगिनी बच्चों को कक्षा में अच्छे से पढ़ाये एवं उन्हें उत्साहित करें।
वहीं गृहमंत्री ने आगे कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन कर अपने राजनीतिक एजेंड़े को साधने वाले लोग ही अब सीएए को वापस लेने की बात कर रहे है। उन्होंने कहा कि भोपाल, इंदौर विकास से लेकर कानून व्यवस्था में नए आयाम छू रहे है। कानून व्यवस्था में और मजबूती लाने के लिए इन महानगरों में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू करने का फैसला किया गया। भोपाल और इंदौर के परिणामों का अध्ययन कर प्रदेश के अन्य महानगरों में कमिश्नर प्रणाली को लागू करने पर विचार किया जाएगा।