सिविल सेवा 2020 परिणाम घोषित, ग्वालियर के अर्थ जैन ने देश में 16वीं रैंक हासिल की
ग्वालियर. संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सर्विस परीक्षा-2020 में ग्वालियर अंचल के 5 युवाओं ने सफलता हासिल की है। इनमें ग्वालियर के अर्थ जैन की देश में 16वीं, शिवपुरी के नरेंद्र रावत की 165वीं, समीक्षा जैन की 333वीं, ग्वालियर की उर्वशी सेंगर 532वीं और भिंड के विकास सेंथिया की 642 रैंक आई है।
कोचिंग बंद थी घर पर खुद ही तैयारी की- अर्थ जैन
ग्वालियर के अर्थ जैन ने कहा कि उन्हें सिविल सर्विसेज में जाने की प्रेरणा पिता मुकेश जैन से मिली। आईआईटी दिल्ली से बीटेक के बाद तैयारी शुरू की। कोरोना की वजह से कोचिंग बंद थी जिसके बाद घर में ही तैयारी कर 16वीं रैंक हासिल की।
डीएफओ रहकर तैयारी की- नरेंद्र रावत
शिवपुरी के नरेंद्र रावत ने कहा कि 2016 में यूपीएससी परीक्षा में सफलता प्राप्त की थी। साल 2018 में वे आईएफएस सेलेक्ट हुए और डीएफओ बने थे। अब डीएफओ पद पर रहते हुए तैयारी की और देश में 165वीं रैंक हासिल की है।
हिम्मत नहीं हारी, चौथे प्रयास में मिली कामयाबी- समीक्षा
चार्टर्ड एकाउंटेंट समीक्षा जैन ने तीन बार यूपीएससी में असफल रहने के बाद भी हौसला नहीं हारा। उन्होंने चौथी बार फिर मेहनत की और यूपीएससी 2020 दिया। इस बार उन्हें 333वीं रैंक हासिल हुई।