रुपये में आज फिर ऐतिहासिक गिरावट! एक डॉलर के मुकाबले 74.46 पहुंचा

गुरूवार को फिर डॉलर के मुकाबले रुपया नीचे गिरा. आज डॉलर के मुकाबले रुपए में 10 पैसे की कमी आई है इसके साथ ही रुपया 74.30 के स्तर पर खुला. खुलते ही रुपये में कमजोरी बढ़ी और यह 24 पैसे गिरकर 74.46 प्रति डॉलर के स्तर पर लुढ़क गया, जो अब तक का सबसे निचला स्तर है. वहीं बुधवार को रुपया 20 पैसे मजबूत होकर 74.20 के स्तर पर बंद हुआ था

मंगलवार का दिन रुपये के लिहाज से राहत भरा रहा. डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती देखी गई. 18 पैसे की मजबूती के साथ शुरुआती कारोबार 74.06 पर खुला. रुपये के मजबूत होने से बाजार में तेजी देखी जा रही है. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने मंगलवार को 2018 में भारत की विकास दर 7.3 फीसदी और 2019 में 7.4 फीसदी रहने की उम्मीद जताई है. 2017 में भारत की विकास दर 6.7 फीसदी रही थी. भारतीय अर्थव्यवस्था में ये सुधार बढ़ते हुए निवेश और निजी तौर पर खपत बढ़ने के कारण होगा. ऐसा आईएमएफ ने हाल ही में जारी किए वर्ल्ड इकॉनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट में कहा है.