ज्ञानपुरा में हनुमान मंदिर के पुजारी की लाठी-डंडों से पीट कर हत्या, आरोपी फरार
धार (Dhar) के ज्ञानपुरा में एक पुजारी की हत्या (Murder) का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुजारी यहां एक पहाड़ी पर हनुमान मंदिर में रहता था. आरोपियों का अभी पता नहीं चल पाया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा.
धार के ज्ञानपुरा गांव में एक पुजारी की दिन दहाड़े हत्या कर दी गयी. उसके बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है. मृतक पुजारी का नाम अरुण दास था. वो यहां पहाड़ी पर बने एक हनुमान मंदिर में पुजारी थे और पिछले पांच साल से इसी मंदिर में रह रहे थे.
लाठी-डंडों से मारपीट
ज्ञानपुरा गांव की पहाड़ी पर हनुमान मंदिर है. यहां के पुजारी अरुण दास थे. वो पिछले पांच साल से यहां मंदिर में रहकर पूजा कर रहे थे. बताया जा रहा है कि बीती रात मंदिर के बाहर की ओर कुछ युवक खड़े हुए थे. मंदिर में राहुल नाम का युवक चौकीदार है. उसने युवकों से वहां खड़े रहने का कारण पूछा तो बदमाशों ने उसके साथ लकड़ी, डंडों और पत्थरों से मारपीट शुरू कर दी. ये देखकर पुजारी अरुण दास बीच बचाव करने के लिए दौड़े. बदमाशों ने उनके साथ भी बुरी तरह मारपीट की. इसमें पुजारी घायल हो गए और निढाल होकर गिर पड़े.