पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा, नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता को मारी गई थी सिर में गोली

नई दिल्ली. पश्चिमी दिल्ली के बसई दारापुर इलाके में गुरुवार को जम्मू-कश्मीर विधान परिषद के एक पूर्व सदस्य और नेशनल कॉन्फ्रेंस (National Conference) के नेता त्रिलोचन सिंह वजीर (Trilochan Singh Wazir) का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया था. हालांकि शव मिलने के एक दिन बाद दिल्ली पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट यह बताती है कि मृतक के सिर में गोली मारी गई थी. पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया है.

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि उन्हें त्रिलोचन के भाई भूपेंद्र सिंह वजीर से शिकायत मिली है, जिन्होंने दो संदिग्धों सहित चार लोगों को नामजद किया है. उनका आरोप है कि नामजद आरोपियों की उनके भाई से दुश्मनी थी. प्रारंभिक जांच से पता चला है कि त्रिलोचन 23 अगस्त को इलाज के लिए दिल्ली आया था और उसी फ्लैट में रुका था जहां एक ऑनलाइन न्यूज पोर्टल में काम करने वाला संदिग्ध हरप्रीत सिंह खालसा था. दूसरा संदिग्ध ट्रांसपोर्टर हरमीत सिंह, लगभग उसी समय दिल्ली पहुंचा था. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या उसने पहले कभी त्रिलोचन को निशाना बनाने का इरादा किया था. पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर जारी किया है.

पुलिस ने कही ये बात
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ’67 साल के त्रिलोचन ने इलाज के बाद 25 अगस्त को फ्लैट छोड़ दिया. इसके बाद हरप्रीत के साथ हरमीत रहने लगा और 2 सितंबर को 30 मीटर दूर स्थित ओयो होटल में शिफ्ट करने तक रुका. उसी दिन त्रिलोचन भी हरप्रीत के फ्लैट पर लौट आया था.

पुलिस ने बताया कि त्रिलोचन सिंह वजीर दो सितंबर को कनाडा की फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली आया था. एक अधिकारी ने कहा, ‘वह कैब से हरप्रीत के फ्लैट पर गया, जहां उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमने हरप्रीत की प्रेमिका से बात की, जिसने कहा कि वह 4 और 5 सितंबर को फ्लैट पर रुकी थी, लेकिन संभवत: एसी चालू होने के कारण दुर्गंध नहीं आई.’

इसी बीच हरमीत सात सितंबर को बस से जम्मू गया और वहां अपने बैंक खाते से दो लाख रुपये निकाल कर अगले दिन वापस लौट गया.

बता दें कि वज़ीर का शव राजधानी दिल्‍ली के पश्चिमी दिल्ली के बसई दारापुर इलाके में गुरुवार की सुबह मिला था. जबकि पुलिस मोबाइल फोन की जांच के बाद कहा था कि यह शव नेशनल कॉन्फ्रेंस के जम्मू के नेता त्रिलोचन सिंह वजीर का है. वहीं, जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम और नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) ने वजीर की मौत पर दुख जताया था.