मप्र विधानसभा का बड़ा फैसला, विधायकों के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाई कमेटी
भोपाल. प्रदेश में विधायकों के अधिकारों की रक्षा को लेकर विधानसभा ने बड़ा कदम उठाया है। बता दें कि विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने एक कमेटी का गठन किया है यह कमेटी विधायकों के अधिकार हनन को रोकेगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। दरअसल विधायकों द्वारा लंबे समय से शिकायत की जा रही थी कि उनके अधिकारों का हनन हो रहा है।
विधायकों का आरोप- हो रहा था अपमान
दरअसल विधानसभा को लगातार विधायकों की शिकायतें मिल रहीं थी कि आयोजनों में उन्हें तवज्जो नहीं दी जा रही है जो उनके अधिकार हैं, उनके अनुसार प्रोटोकॉल नहीं दिया जा रहा है। विधायकों का आरोप है कि इसके चलते कई बार उन्हें अपमानित भी होना पड़ रहा है। कई विधायकों ने अधिकार हनन और प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने की शिकायतें विधानसभा में की हैं यही वजह है कि अब विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने एक कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी का नाम विधायक सत्कार अनुरक्षण प्रोटोकॉल समिति रखा गया है। यह अधिकार हनन और प्रोटोकॉल का पालन नहीं होने पर विधायकों की शिकायतों की जांच करेगी और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही करेगी।
ये शिकायतें आ रहीं थी
दरअसल विधानसभा को शिकायतें मिल रहीं थी कि स्थानीय विधायक को कार्यक्रम में नहीं बुलाया जा रहा। किसी विकास कार्य के लोकार्पण शिलान्यास पट्टी पर विधायक का नाम ही नहीं है। विधायक को कलेक्टर से मुलाकात के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है।