कमलनाथ की चेतावनी, दो साल बाद सरकार बदलते ही अफसरों की फाइलें खुलेंगी

भोपाल. पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश सरकार के अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार को दो साल बचे हैं। सरकार बदलते ही सबकुछ देखा जाएगा। रिटायर हो जाओगे तब भी फाइलें खुल सकती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ गुरुवार को बोल रहे थे। कांग्रेस नेता नूरी खान की उज्जैन से आई यात्रा के समापन अवसर पर कमलनाथ ने कहा कि मोदी सरकार किसानों की हितेषी सरकार नहीं है। जितनी आत्महत्या अफ्रीका के किसानों ने नहीं की उससे अधिक किसानों ने आत्महत्या मोदी सरकार के राज में की है। नाथ ने शिवराज सरकार पर निशाना साधते हुए कहा प्रदेश में महिला अत्याचार के मामले में मध्यप्रदेश नंबर वन है। हर दिन जनजातियों पर अत्याचार हो रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधा ठप है। डाक्टर नहीं, डाक्टर हैं तो दवा नहीं। स्कूल है तो शिक्षक नहीं। शिक्षक भी है तो वो अनुपस्थित रहता है।

रिटायरमेंट के बाद भी खुलेगी फाइलें

यह शासकीय कर्मचारियों के माध्यम से यह लोग अपने अगले दो साल काटना चाहते हैं। मैं कहना चाहता हूं दो साल बचे हैं। अपना भविष्य सुरक्षित रखना। आप रिटायर भी हो जाओगे तो फाइल तो खुलेगी। आप बीजेपी का बिल्ला जिस जेब में रखते हैं, वो ध्यान रखना, वो हमें भी मालूम है। आप अपनी वर्दी की इज्जत करें। किसी व्यक्ति पार्टी की इज्जत भले ही नहीं करें, लेकिन अपनी वर्दी की इज्जत जरूर करें। मैंने कभी किसी पर दबाव नहीं बनाया कि इसे बंद कर दो गिरफ्तार कर दो। मुझे प्रदेश की सोच थी कि हम मध्यप्रदेश का नाम रोशन करें।

कमलनाथ ने कहा कि हमारी कोशिश रही है कि ज्यादा से ज्यादा निवेश प्रदेश में लाएं। आज हजारों युवा बेरोजगार बैठे हैं, कहीं मंदिर या मस्जिद से रोजगार नहीं मिलेगा। जब निवेश आएगा, आर्थिक गतिविधि बढ़ेगी तो रोजगार बनेगा।