जर्जर सड़कों पर नाराज हुए प्रभारी मंत्री सिलावट, 10 दिन में शहर की सभी सड़कों के गड़ढे भर जाएं, इस काम में किंतु-परंतु बर्दाश्त नहीं होगी
ग्वालियर. शहर की जर्जर और गड्ढों से भरी सड़कों को देखकर प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट काफी नाराज हुए हैं। प्रभारी मंत्री सिलावट ने नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट रूप से निर्देश दिए हैं कि 10 दिन के अंदर शहर की सभी सड़कों के गड्ढे भर जाना चाहिए। इस कार्य में किसी भी प्रकार का किंतु-परंतु बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़कों के पेच रिपेयरिंग का कार्य पूरी क्वालिटी के साथ हो यह भी ध्यान रखा जाए। बुधवार को दिन भर प्रभारी मंत्री शहर और देहात में घूमे हैं और जर्जर सड़कों को देखकर काफी गुस्सा भी हुए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने इंदौर की तर्ज पर ग्वालियर में भी स्वच्छता के काम करने पर जोर देने के लिए निर्देश दिए है।
सड़कें ठीक करने का दायित्व नगर निगम का है
प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा है कि बरसात के कारण शहर की सड़कों की स्थिति बहुत ही खराब है। इसको ठीक करने का दायित्व नगर निगम का है। निगम अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करे। सभी सड़कों पर पेच रिपेयरिंग का कार्य युद्ध स्तर पर किया जाए। इसके लिए निगम समितियां बनाकर तेजी से कार्य करें। किए जा रहे कार्यों की निरंतर मॉनीटरिंग हो और उसकी जानकारी नगर निगम कमिश्नर, कलेक्टर को भी भेजें। पेच रिपेयरिंग के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
महाराज बाड़े पर हुई दुर्घटना की जांच शीघ्र पूर्ण करें
14 अगस्त को महाराज बाड़े पर निगम की हाइड्रोलिक मशीन से दुर्घटना मामले में प्रभारी मंत्री सिलावट ने कहा है कि जांच शीघ्र पूरी की जाए। जो भी अधिकारी और कर्मचारी इसमें दोषी है उनके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।