हत्या का आरोपी राकेश जखोदिया बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश की कार्यसमिति में बना सदस्य

ग्वालियर. भाजपा की अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति में राकेश जखोदिया के नाम को लेकर हंगामा मचा हुआ है, 15 अगस्त को आई सूची में यह नाम शामिल है। राकेश वर्तमान में सेंट्रल जेल में हत्या के आरोप में बन्द है। बीजेपी के जिले के पदाधिकारियों से जब इस नाम को लेकर बात की गयी तो वह बचते नजर आये। भाजपा महानगर अध्यक्ष कमल माखीजानी ने कहा है कि पता करके ही बता सकूंगा। बीजेपी अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष व हाल ही में प्रदेश महामंत्री बनाये गये धर्मेन्द्र आर्य ने बताया है कि राकेश जखोदिया को वह नहीं जानते है। यह नाम गलती से या टायपिंग मिस्टेक से जुड़ गया है। इस नाम को लेकर वह भोपाल पहुंच गये हैं। भोपाल में नाम बदलने के प्रयास जारी है, क्योंकि यह नाम बहुत किरकिरी को करा रहा हैं।

क्या है पूरा मामला

मध्यप्रदेश में 3 दिन पहले BJP की अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य व विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची चर्चा का विषय बनी हुई है। 15 अगस्त को अजा मोर्चा मध्यप्रदेश के प्रदेशाध्यक्ष के कार्यालय से जारी सूची में ग्वालियर के राकेश जखोदिया को प्रदेश कार्य समिति सदस्य बनाया गया है।यह विवादित नाम ही भाजपा के लिए अब सिरदर्द बन गया है। राकेश जखोदिया कभी कांग्रेस में हुआ करते थे, लेकिन अब भाजपा की सूची में दिख रहे हैं। वह हत्या के मामले में आरोपी है। अभी सेन्ट्रल जेल में सजा बंद हैं। ऐसे व्यक्ति को भारतीय जनता पार्टी में प्रदेश कार्यसमिति का सदस्य मनोनित कर प्रदेश नेतृत्व ने खुद आफत मोल ले ली है। जब से यह नाम सूची में आया है, ग्वालियर BJP में घमासान मचा हुआ है। कांग्रेस भी इस पर मजे ले रही है। भाजपा नेता तो यह तक कह रहे हैं, यह राकेश जखोदिया कौन है, हम नहीं जानते। गल्ती से नाम जुड़ गया होगा, लेकिन प्रदेश स्तर पर यह गलती भी अपने आप में बड़ी चूक है।

कौन है राकेश जखोदिया

ठाठीपुर स्थित अशोक कॉलोनी निवासी राकेश जखोदिया और उसके बेटे विक्की जखोदिया ने अप्रैल 2021 में अशोक कॉलोनी निवासी बंटी उर्फ संदीप जाटव पुत्र भूमिजीतसिंह जाटव की घर में घुसकर गोलियों में भूनकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड में राकेश पर इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया था। तभी से वह हत्या के मामले में सेन्ट्रल जेल में बंद है। वह 2014 में हुए नगरीय निकाय चुनाव में यह वार्ड 20 से कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी भी रह चुका है। पर वह चुनाव नहीं जीत पाया था।