Noida News: ग्रेटर नोएडा में 47 के बाद अब इन 22 गांवों को मिलेगा गंगाजल, 44 में चल रही कागजी कार्रवाई, यह रही लिस्ट

ग्रेटर नोएडा. अक्टूबर तक ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के सभी गांवों में गंगाजल की सप्लाई का प्लान वक्त से चल रहा है. ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की योजना के मुताबिक 47 गांवों में गंगाजल की सप्लाई हो रही है. जल्द ही 22 और गांवों को भी पीने के लिए गंगाजल (Gangajal) मिलने लगेगा. 44 गांव बाकी रह गए हैं, उनकी भी कागजी कार्रवाई चल रही है. अगले डेढ़ से दो महीने में वहां भी गंगाजल पहुंचने लगेगा. इसके साथ ही सितम्बर तक ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी (Greater Noida Authority) के सभी सेक्टर में भी गंगाजल घरों तक पहुंच जाएगा. गौरतलब रहे गाजियाबाद (Ghaziabad) से पाइप लाइन बिछाकर ग्रेटर नोएडा तक गंगाजल लाया गया है.

जानकारों की मानें तो कोरोना-लॉकडाउन के चलते गंगाजल की सप्लाई में देरी हुई है. ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी पहले से ही लेट चल रही इस योजना को जल्द से जल्द शुरू करना चाहती है. इसी के संबंध में हाल ही में अथॉरिटी के अफसरों की एक मीटिंग भी हुई थी. मीटिंग में तय किया गया कि गंगाजल योजना में बाकी बचे काम में तेजी लाकर हर हालत में सितम्बर तक सेक्टर और अक्टूबर तक गांवों में गंगाजल की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी.

इन 22 गांवों में कनेक्‍शन का काम बाकी

ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी 47 गांवों में गंगाजल की सप्लाई शुरू कर चुकी है. इसके बाद अथॉरिटी का पूरा फोकस 22 गांवों की ओर है. ये वो 22 गांव हैं जहां पाइप लाइन डाली जा चुकी है, बस अब उस लाइन के कनेक्शन करना बाकी है. इसके लिए टेंडर का काम भी पूरा हो चुका है.

कनेक्शन का काम पूरा होते ही गंगाजल इस लाइन में भी छोड़ दिया जाएगा. यह गांव हैं खानपुर, पतवाड़ी, अच्छेजा, मकौड़ा, हैबतपुर, कुलेसरा, मिलक लच्छी, रोजा याकूबपुर, देवला, रोजा जलालपुर, चचूला, दाउदपुर, हतेवा, सलेमपुर गुर्जर, लड़पुरा, कासना, गुर्जरपुर, वैदपुरा, सुनपुरा, खोदना खुर्द और रोशनपुर गांव.

यहां भी अक्टूबर तक आ जाएगा गंगाजल

जानकारों की मानें तो गांव युसुफपुर चक शाहबेरी, खेड़ी, हजरतपुर, जुनपत, चिपियाना बुजुर्ग, आमका, रघुनाथपुर, खोदना कलां, रसूलपुर, श्योराजपुर, रोहिल्लापुर और जान समाना, चौगानपुर, खेरली हाफिज, ननवा का राजपुर, पल्ला, रामपुर-फतेहपुर, झालड़ा, कैलाशपुर, कनारसी, खैरपुर गुर्जर, सिरसा, तालड़ा, बिलासपुर, बुलंदखेड़ा, पतलाखेड़ा, जानीपुरा, चिपियाना खुर्द, घरबरा, खेड़ा, हल्दौनी, सूरजपुर, बोड़ाकी, थापखेड़ा, घंघोला, जुनैदपुर, नवादा, बिसरख, अमीनाबाद, छोटी मिलक, इटैहरा, भोला रावत, सादुल्लापुर, तिलपता करनवास, भनौता गांव में अक्टूबर तक गंगाजल पहुंचाने की पूरी तैयारी ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने कर ली है.