1000 बिस्तर अस्पताल के निर्माण में प्राेजेक्ट इंचार्ज ने लगाए निर्माण में घाेटाले के आराेप, चीफ इंजीनियर ने ठेकेदार काे दी क्लीनचिट
ग्वालियर. शहर के 1000 बिस्तर वाले अस्पताल के निर्माण में उखड़ीं तीन करोड़ 85 लाख रुपये से अधिक के घोटाले के आरोप प्रोजेक्ट इंजीनियर ने लगाए थे। इन शिकायतों की जांच चीफ इंजीनियर ने की और जांच रिपोर्ट में अधिकांश शिकायतों को असत्य बताते हुए जवाब शासन को भेजा दिया है। साथ ही ठेकेदार के कार्यो को सही बताते हुए उसे अधिकांश मामलों में क्लीन चिट दी है।
खास बात यह है कि निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत करने वाले प्रोजेक्ट इंजीनियर खुद इस प्रोजेक्ट के इंचार्ज हैं। निर्माण स्थल पर खुदाई से लेकर भवन की छत तक के हर निर्माण और उपयोग सामग्री पर नजर है। उनके अधिकांश आरोपों को जांच में असत्य बताना इशारा करता है कि हजार बिस्तार के अस्पताल के निर्माण में करोड़ों के घोटालों पर जांच व जवाब की चिनाई की जा रही है।़शिकायतों की जांच करने वाले पीआइयू विभाग के चीफ इंजीनियर वीके अर्क का कहना है कि शिकायतकर्ता स्वयं परियोजना यंत्री हैं। उनके हस्ताक्षर से ही सारे भुगतान हुए हैं, वह स्वयं अपनी शिकायत कर रहे हैं। मैंने पूरे मामले की जांच की है, इसमें जहां गड़बड़ी मिली, वहां अतिरिक्त भुगतान को अंकित किया है। जो काम ठीक मिला, उसे ठीक लिखा है। मैंने अपना जवाब बनाकर शासन को भेज दिया है।