ज्योतिरादित्य सिंधिया का पुतलादहन कर रहे तीन एनएसयूआई नेता पुलिस हिरासत में
ग्वालियर. जयविलास पैलेस के बाहर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का पुतलादहन करने वाले तीन एनएसयूआई नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया गया है। सिंधिया के ग्वालियर से रवाना होने से पहले यह जयविलास के गेट पर पुतलादहन करने पहुंचे थे, पर समय पर पहुंचकर पुलिस ने पूरी स्थिति को संभाल लिया है। इन पर बिना अनुमति के प्रदर्शन करने पर मामला भी दर्ज किया गया है।
क्या है मामला
ग्वालियर-चंबल अंचल में आई बाढ़ के बाद बने बुरे हालातों का जायजा लेने के लिए 2 दिवसीय दौरे पर आए केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का NSUI के छात्र नेता हर्षवर्धन भदौरिया, सचिन भदौरिया और पुष्पेंद्र तोमर ने अपने साथियों के साथ मिलकर विरोध प्रकट करते हुए जय विलास पैलेस सिंधिया महल के गेट के बाहर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का पुतला दहन किया। जब इस बात की जानकारी पड़ाव थाना पुलिस को लगी तो वाह मौके पर पहुंची और छात्र नेताओं से पुतला छुड़ाकर आग को बुझाया। वहीं पुलिस ने तीनों छात्र नेताओं को गिरफ्तार कर थाने पहुंचाया है। छात्र नेताओं का आरोप था कि जब ग्वालियर अंचल में बाढ़ के हालात बने थे तब ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने महलों में आराम कर रहे थे। फिर जब हालात सुधरने लग गए तो वाहवाही लूटने के लिए ग्रामीण क्षेत्र का दौरा करने पहुंच गए। फिलहाल पुलिस ने बिना अनुमति के पुतलादहन करने पर 3 छात्र नेताओं के खिलाफ धारा 188 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।
एनएसयूआई नेताओं ने बताया
एनएसयूआई नेता हषवर्द्धन सिंह भदौरिया का कहना है कि जब ग्वालियर अंचल में बाढ़ के हालात बने थे तब केन्द्रीय मंत्री ज्यातिरादित्य सिंधिया अपने महलों में आराम कर रहे थे फिर जब हालात सुधरने लगे तो वाहवाही लूटने के लिये ग्रामीण क्षेत्र का दौरा करने आ गये।
पुतलादहन बिना अनुमति के
एसआई पड़ाव थाना मुकेश शर्मा ने बताया है कि सिंधिया महल के बाहर बिना अनुमति के पुतलादहन कर रहे एनएसयूआई के तीन नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया है।