पीएम मोदी ने सीएम से ग्वालियर चंबल आई बाढ़ की जानकारी ली, सीएम आज ग्वालियर आएंगे

ग्वालियर-चंबल संभाग में बाढ़ की विकराल स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान से दिन में दो बार चर्चा की। इसके बाद सीएम ने रात 10.30 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग कर ग्वालियर-चंबल संभाग के कमिश्नर और सभी जिलों के कलेक्टर से बात की। सबसे पहले उन्होंने ग्वालियर संभाग के कमिश्नर आशीष सक्सेना से बात की। सीएम ने संभागीय कमिश्नर से कहा कि वे खुद बुधवार को ग्वालियर आएंगे और उसके बाद वे स्थानीय स्तर पर अधिकारियों से बात करके शिवपुरी और श्योपुर जिले में हेलीकॉप्टर से दौरा कर बाढ़ग्रस्त इलाकों का जायजा लेंगे।

बाढ़ से हाहाकार के बाद सेना को कमान

शिवपुरी, श्योपुर, दतिया, भिंड और ग्वालियर में 1171 गांव बाढ़ में घिरे हुए हैं। यहां रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए वायुसेना की मदद ली जा रही थी, लेकिन दिनभर खराब मौसम ने बचाव कार्य में बाधा पैदा की। शाम को कुछ इलाकों में वायु सेना के हेलीकॉप्टर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित निकाला। बाढ़ का पानी आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (एबी रोड एनएच-3) पर भर गया है। इसकी वजह से हाईवे बंद हो गया है।