ग्वालियर, शिवपुरी, भिंड व दतिया के कई गांवों में हालात बेकाबू, मडीखेड़ा डैम के 10 गेट खोलने से सिंध नदी ने तोड़े तट-बंध
मध्य प्रदेश में पार्वती, कूनों, सिंध समेत कई नदियां उफान पर है, इसमें सिंध नदी पर मडीखेडा डैम लबालब भरने पर सभी 10 गेट खोल दिए गए है। रात में ही 8 गेट खोल दिए गए थे इसकी वजह से सुबह शिवपुरी, ग्वालियर, भिंड और दतिया जिले की हालत बिगड़ गई। कई गांव जलमग्न हो गए। दोपहर को बचे दो गेट और खोल दिए गए। ग्वालियर में हरसी बांध से सोमवार देर रात 3 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया इस कारण भितरवार में सिंध और पार्वती नदी उफान पर आ गई है। प्रशासन ने मंगलवार सुबह शिवपुरी की सीमा से लगे खिरिया गांव को खाली करा लिया है साथ ही 10 से 12 गांव में अलर्ट जारी किया है।
इन डेमों के गेट खोले गए
राजगढ़ के कुंडालिया के 11 में से 2 और मोहनपुरा डैम के 17 में से 4 गेट खोल दिए गए है। इसी प्रकार गुना के गोपी कृष्ण डैम के 5 में से 2, बैतुल के पारसदोह डैम के 6 में से 1, पन्ना के पवाई डैम के 9 में से 3 गेट खोले गए हैं ।
संजय सागर डैम का 2 नंबर गेट भी खोला गया
विदिशा जिले के शमशाबाद में संजय सागर डैम का 2 नंबर गेट खोल दिया गया है। बांध के कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश के चलते गेट खेला गया है। निचली बस्तियों और गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। इस वर्ष पहली बार नए गेट खोले गए है, पिछले साल गेट खोलने की नौबत नहीं आई थी।