मप्र में अलर्ट, ग्वालियर, चंबल, भोपाल व उज्जैन संभाग में भारी बारिश चेतावनी

ग्वालियर. दक्षिणी उत्तर प्रदेश में लो प्रेशर एरिया के सक्रिय होने से मध्यप्रदेश में तेज बारिश हो रही है। ग्वालियर-चंबल के इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश होने के कारण पार्वती, कूनो, क्वारी और सिंध नदी उफान पर हैं, जिससे यहां बाढ़ आ गई है। अगले 24 घंटों में भी ग्वालियर, चंबल, भोपाल और उज्जैन बारिश से राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 24 घंटों के दौरान इन इलाकों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही छतरपुर, टीकमगढ़, सागर, निवाड़ी और होशंगाबाद में भी बारिश होगी। पिछले 24 घंटे में ग्वालियर-चंबल संभाग में ही सबसे ज्यादा बारिश हुई है।

24 घंटे में प्रदेश में बारिश की स्थिति

दतिया में 5 इंच, श्योपुरकलां 4.5 इंच, गुना 4 इंच, टीकमगढ़ 3.5 इंच, नौगांव 3 इंच, पचमढ़ी 2.5 इंच, ग्वालियर 2 इंच, भोपाल सिटी 2 इंच, शाजापुर 2 इंच बारिश हुई है। वहीं नरसिंहपुर में 2 इंच, खजुराहो 1.5 इंच, रायसेन 1.5 इंच, सतना 1 इंच, उज्जैैन 1 इंच, जबलपुर 1 इंच, होशंगाबाद 1 इंच, और दतिया 5 इंच पानी गिरा।

मौसम एक्सपर्ट के अनुसार वर्तमान में दक्षिणी उत्तर प्रदेश के साथ ही कम दबाव का क्षेत्र हरियाणा पर भी बना हुआ है। इन दोनों से होकर टर्फ लाइन गुजरते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इस कारण मध्यप्रदेश के उत्तरी हिस्से ग्वालियर, चंबल, भोपाल, उज्जैन, सागर, रीवा संभाग में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, हालांकि इंदौर को रिमझिम से ही संतोष करना पड़ेगा।