ग्वालियर में सरकारी कर्मचारी व अधिकारी आज सामूहिक अवकाश पर रहेंगे, काम होगा प्रभावित
ग्वालियर. वेतनवृद्धि के साथ एरियर दिए जाने, 28 प्रतिशत डीए देने और प्रमोशन दिए जाने जैसी मांगों को लेकर मध्य प्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले विभिन्न कर्मचारी संगठनों से जुड़े लगभग 25 हजार कर्मचारी गुरूवार को सामूहिक अवकाश पर होंगे।
मप्र अधिकारी और कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष रणवीर सिंह सिकरवार एवं संयोजक रविंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शासकीय, अशासकीय संगठनों समेत सभी कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन के चौथे चरण में सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। आंदोलन में तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ, राज्य कर्मचारी संघ, मप्र कर्मचारी कांग्रेस, लघु वेतन कर्मचारी संघ समेत सभी घटक संगठन मोती महल, कलेक्ट्रेट सभी कार्यालयों में भ्रमण कर आंदोलन में शामिल कर शासन पर दबाव बनाएंगे। तहसीलदार, राजस्व निरीक्षण एव मप्र परिवजन (राजपत्रित) अधिकारी संगठन के आह्वान पर प्रदेशभर के आरटीओ कार्यालय के कर्मचारी व अफसर 9 सूत्रीय मांगों को लेकर आज एक दिन के अवकाश पर रहेंगे। पटवारी पहले से आंदोलन कर रहे हैं।