ग्वालियर में स्कूलों में पहले दिन सिर्फ 15 फीसदी छात्र पहुंचे, मास्क, सैनिटाइजर, सोशल डिस्टेंस पर फोकस
मध्य प्रदेश समेत ग्वालियर में भी सोमवार को स्कूल खुल गए। शासकीय और प्राइवेट स्कूलों में सोमवार को 12वीं की क्लास लगी हैं। लंबे समय बाद कोविड से बचाव के उपाय कर स्टूडेंट स्कूल पहुंचे हैं। प्राइवेट और शासकीय दोनों स्कूलों में प्रबंधन का पढ़ाई से ज्यादा जोर कोविड गाइडलाइन का पालन कराने पर था। मास्क, सैनिटाइजर के साथ ही स्कूल में एंट्री मिल रही थी। क्लास रूम में जाने से पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही थी। जिन बच्चों का तापमान मानक से अधिक था, उनको घर वापस भेजा गया है। स्कूलों में 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलना था, लेकिन कोविड से अभी भी पैरेंट्स में झिझक दिखी है। यही कारण है, स्कूलों में सिर्फ 15 से 18 फीसदी ही छात्र पहुंचे हैं। ऐसी भी संभावना है, आने वाले दिनों में यह संख्या बढ़ सकती है।
मास्क, सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग का रखा ध्यान
आरएस कॉन्वेंट हाई सेकेंड्री स्कूल हजीरा में जब पहुंचे, तो यहां 12वीं के छात्रों का क्लास में आना शुरू था। यह मध्य प्रदेश बोर्ड के बड़े स्कूलों में शुमार है। यहां स्कूल गेट पर ही एक कर्मचारी मास्क पहनकर अंदर आने वाले स्टूडेंट के हाथों को सैनिटाइज कर रही थी। साथ ही, प्रॉपर मास्क लगाना भी चैक किया जा रहा था। सेकेंड स्टेप में टीचर निकिता कुमारी हाथ में थर्मल गन लेकर क्लास रूम में जाने वाले स्टूडेंट की स्क्रीनिंग कर शरीर का तापमान चैक कर रही थीं। जिन बच्चों का तापमान मानक पर था। वही, अंदर जा रहे थे, जिनका तापमान अधिक था। उनको बाहर बैठाकर एक बार फिर स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद उनको अंदर लिया गया। क्लास में सोशल डिस्टेंस के छात्र-छात्राओं को बैठाया गया।
पहले दिन ऑफलाइन क्लासेस में कुछ खास पढ़ाई नहीं हुई है। कई महीनों बाद बच्चे स्कूल पहुंचे थे, तो काफी कुछ बदला मिला। पहले टीचर और बच्चों में परिचय हुआ। आरएस कॉन्वेट स्कूल में 12वीं में बच्चों की संख्या 100 है, पहले दिन 20 फीसदी ही बच्चे स्कूल आए थे।
सीबीएसई स्कूल सुबह ही लग गए
आदेश के मुताबिक 50 फीसदी क्षमता के साथ एक ही पाली में स्कूल खुलने थे, लेकिन कुछ स्कूल सुबह ही खुल गए। आदेश को समझने में गफलत हो गई, जिस कारण ऐसा हुआ।
ऐसे चलनी हैं क्लास
12वीं के लिए सोमवार और गुरुवार को क्लास 50 फीसदी क्षमता के साथ लगेंगी।
11वीं के लिए मंगलवार और शुक्रवार को क्लास 50 फीसदी क्षमता के साथ लगेंगी।