Noida से चलेंगी ई-बसें, 14 करोड़ की लागत से बन रहा है डिपो और चार्जिंग स्टेशन, जानें क्या होंगे रूट
ग्रेटर नोएडा. दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख शहर नोएडा (Noida) के निवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. नोएडा से गाजियाबाद (Ghaziabad), कौशांबी, मुरादनगर समेत आधा दर्जन से ज्यादा रूट्स पर अब ई-बसों में सफर करने का मौका मिलने वाला है. यह बस सेवा गाजियाबाद से नोएडा के बीच चलेगी. इसके लिए ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) रोड पर एक डिपो और चार्जिंग स्टेशन (Charging Station) बनाया जा रहा है. इस डिपो और चार्जिंग स्टेशन की लागत करीब 14 करोड़ रुपये आ रही है. जल्द ही यहां से बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है. इसके बाद नोएडा से गाजियाबाद के रूट पर मेट्रो रेल (Metro Rail) के साथ ही ई-बसों (E-Bus) से सफर करने का विकल्प भी खुल जाएगा.
जानकारों की मानें तो ई-बसों के लिए ग्रेटर नोएडा रोड पर अकबरपुर-बहरामपुर में बस डिपो बनाया जा रहा है. करीब 22 हजार वर्गमीटर एरिया में यह डिपो तैयार किया जा रहा है. इसके लिए 14 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं. डिपो की चारों ओर से बाउंड़ीवॉल, वर्कशॉप, ड्रावइर और कंडक्टर के लिए रेस्ट रूम और ऑफिस बनाने का काम किया जा रहा है.
इसके साथ ही इसी परिसर में चार्जिंग स्टेशन भी बनाया जा रहा है. इसके लिए बिजली विभाग डिपो तक अलग से बिजली की लाइन खींच रहा है. जिस रफ्तार से डिपो का काम चल रहा है, उससे दावा किया जा रहा है कि इस महीने के आखिर तक डिपो बनकर तैयार हो जाएगा.
डिपो में बनेंगे 14 चार्जिंग स्टेशन
ई-बसों के लिए डिपो बनाने की जिम्मेदारी सरकारी संस्था सी एंड डीएस को दी गई है. डिपो में 14 चार्जिंग स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं. इस पर करीब 9 करोड़ रुपये की लागत आएगी. इसके लिए पावर स्टेशन बनाने के साथ ही अलग से लाइन भी डाली जा रही है. हालांकि, इस डिपो से 10 रूट पर ई-बसें चलाने की योजना है, लेकिन पहले फेज में 6 रूट से बसों को चलाने की योजना है.
पहले फेज में यह है ई-बसों का रूट्स
जानकारों का कहना है कि पहले फेज में ई-बसें कौशांबी से मुरादनगर, कौशांबी से एएलटी सेंटर, दिलशाद गार्डन से गोविंदपुरम, दिलशाद गार्डन से लालकुंआ तक दौड़ेंगी, गोविदपुरम से लालकुआं, प्रताप विहार, नोएडा सेक्टर 62 होते हुए नोएडा सिटी सेंटर, टीला मोड़, भोपुरा से नया बस अड्डा तक चलेंगी.