साहिबगंज में बाढ़ जैसे हालात, कई घर डूबे, NH80 पर खतरा, झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट
साहिबगंज. मौसम विभाग ने झारखंड के जिन 13 ज़िलों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है, उनमें साहिबगंज का नाम भी शामिल है. इस ज़िले के राजमहल प्रखंड के अंतर्गत एक गांव में बाढ़ जैसे हालात साफ दिखने लगे हैं. उफान पर आई गंगा नदी अब नेशनल हाईवे से सिर्फ 20 फीट की दूरी पर रह गई है. यही नहीं, गंगा के कारण यहां कटाव शुरू हो चुका है और ज़मीन धंसने लगी है. एक अन्य गांव में कई घरों और 50 एकड़ ज़मीन नदी में डूब जाने के हालात से स्थानीय लोग दहशत में हैं.
मोकिमपुर पंचायत के शोभापुर गांव की ज़मीन गंगा के कटाव के कारण नीचे की ओर धंसने लगी है. वहीं, उधवा के प्राणपुर में कई घर और ज़मीन गंगा की गोद में जाने से दोनों प्रखंडों के लोग दहशत में हैं. शोभापुर में मंगलवार से बुधवार दोपहर के बीच लोगों ने देखा कि नदी से करीब सौ फीट की दूरी तक की जमीन 4 से 5 फीट नीचे धंसी. दहशत में आए लोगों ने जल्द ही यहां बाढ़ सुरक्षात्मक काम की अपील प्रशासन से की.
क्यों धंस रही है ज़मीन?
ग्रामीणों ने बताया कि उनके घर के आगे गंगा तट की जमीन एकाएक धंसने लगी है. करीब आठ साल पहले यहां गंगा कटाव को देखते हुए बोल्डर पिचिंग, लोहा पाइलिंग व अन्य कटाव निरोधक कार्य कई बार किए गए. इससे कटाव रुका भी था लेकिन फिर बोल्डर पिचिंग सहित ज़मीन के धंसने से लोग फिर चिंतित हैं. पिछले दो दिनों से यहां ज़मीन लगातार नीचे धंस रही है, हालांकि अब तक ज़मीन रिहाइशी इलाकों में नही धंसी है.
तो सैकड़ों घर लील जाएगी गंगा!
बताया जा रहा है कि एनएच 80 नदी में समाया तो देखते ही देखते सैकड़ों घर गंगा में समा जाएंगे. आसपास के लगभग एक किलोमीटर का क्षेत्र कटाव से प्रभावित है. इसका निदान करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बाद भी नहीं हो सका है. राजमहल प्रखंड के मोकिमपुर पंचायत अंतर्गत कमलैन बगीचा व शोभापुर गांव में गंगा कटाव को लेकर 824.20 लाख रुपये की लागत से निरोधक कार्य का टेंडर पिछले तीन महीने से प्रक्रिया में है. 23 जुलाई को टेंडर फाइनल होना है. उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जल्द कटाव निरोधी काम करवाया जाएगा.
इधर मौसम विभाग ने दी चेतावनी
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र गुरुवार से शनिवार तक झारखंड में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान दिया है, तो रांची समेत राज्य के 13 ज़िलों खूंटी, पूर्वी सिंहभूम , रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए चेतावनी दी है. खबरों में इस दौरान वज्रपात का भी खतरा बताया गया है. यलो अलर्ट जारी करते हुए विभाग ने कहा कि अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रह सकता है.