Petrol-Diesel Price Today: अनूपपुर-रीवा में 112 रुपए से ऊपर बिक रहा पेट्रोल, जानिए भोपाल का हाल

भोपाल. मध्य प्रदेश में दो दिन बाद गुरुवार को फिर पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी हुई. तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम 35 पैसे और डीजल के दाम 15 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं. अनूपपुर जिले में पेट्रोल 112.47 रुपए प्रति लीटर और डीजल 101.05 रुपए प्रति लीटर हो गया है. रीवा जिले में भी पेट्रोल अब 112.11 रुपए और डीजल 100.72 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है. राजधानी भोपाल में पेट्रोल के दाम 109.89 रुपए और डीजल के दाम 98.67 रुपए प्रति लीटर हो गया है.

गौरतलब है कि तेल कंपनियों ने इससे पहले सोमवार को भी पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाई गई थीं. राजधानी दिल्ली में मई से लेकर अब तक 39 बार तेल की कीमतों में इजाफा हो चुका है. इन 39 दिनों में पेट्रोल 10.79 रुपये और डीजल 8.99 रुपये महंगा हो चुका है. वहीं, जुलाई महीने की बात करें तो इस महीने में अब तक कुल 9 बार पेट्रोल के भाव बढ़े हैं. मई में 16 बार और जून में भी 16 बार पेट्रोल के भाव बढ़े थे.

कांग्रेस ने लगाया बीजेपी पर आरोप

पेट्रोल डीजल और खाद्य पदार्थों के बढ़ते दाम यानि महंगाई के खिलाफ अब कांग्रेस (Congress) फ्रंट फुट पर खेल रही है. बुधवार को भोपाल दौरे पर आए पार्टी नेता अजय माकन ने कहा कि बीजेपी सरकार ने देश को डुबो दिया है. गरीबी और महंगाई और बढ़ गयी है. दो वक्त की रोटी खा पाना भी मुश्किल हो रहा है. अजय माकन ने दावा किया कि यूपीए सरकार के समय 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से निकाला था. लेकिन मौजूदा सरकार ने 23 करोड़ लोगों को वापस गरीबी रेखा के नीचे धकेल दिया है. मई महीने में दो करोड़ लोगों की नौकरी चली गई है. 97 फ़ीसदी लोगों को कम वेतन मिल रहा है.

इस तरह चेक करें अपने शहर का भाव

देश की तीनों ऑयल मार्केटिंग कंपनी HPCL, BPCL और IOC आप सुबह 6 बजे के बाद पेट्रोल डीज़ल के नए रेट जारी करती है. नए रेट्स के लिए आप वेबसाइट पर जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं. वहीं, मोबाइल फोन पर SMS के जरिए भी रेट चेक कर सकते है. आप 92249 92249 नंबर पर SMS भेजकर भी पेट्रोल डीजल के भाव के बारे में पता कर सकते हैं. आपको RSP<स्पेस> पेट्रोल पंप डीलर का कोड लिखकर 92249 92249 पर भेजना पड़ेगा. अगर आप दिल्ली में हैं और मैसेज के जरिये पेट्रोल डीजल का भाव जानना चाहते हैं तो आपको RSP 102072 लिखकर 92249 92249 पर भेजना होगा.