ग्वालियर में कैमारी जंगल से पुलिस ने पकड़ा हथियारों का जखीरा, दो गिरफ्तार

ग्वालियर. कैमारी के जंगल में अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त हो रही थी, पुलिस ने जंगल से 1 बंदूक, एक अधिया, 4 कट्टे, 4 कारतूस व एक बाइक पकड़ी है। हथियारों के साथ 2 हथियार तस्कर भी गिरफ्तार किए गए है। इन्होंने जंगल में एक झोंपड़ी बना रखी थी, हथियारों को वहां छुपाकर रखते थे जैसे ही कोई ग्राहक जंगल तक आता तो उसी झोंपड़े से हथियार निकालकर दे देते है। पकड़े गए हथियार तस्कर अभी यह माल उत्तरप्रदेश से लाना बता रहे हैं पर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस को आशंका है कि यह लोग यहीं जंगल में हथियार बनाकर बेचते हैं।

क्या है पूरा मामला

एसपी अमित सांघी ने बताया कि सूचना मिली थी कि मोहना स्थित कैमारी निवासी दो युवक अवैध हथियार बनाकर बेचते है। सूचना मिलते ही एएसपी जयराज कुबेर, एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना, मोहना थाना टीआई महेश शर्मा और आरोन थाना प्रभारी दिलीप समाधिया को कार्रवाई के लिए बोला गया जिस पर थाना प्रभारी आरोन को ग्राहक बनाकर आरोपियों से डील करने के लिए पहुंचाया गया जहां पर बातचीत तय होने के बाद बदमाशों ने अपने इलाके में मोहना कैमारी के जंगल में डिलीवरी लेने के लिए पहुंचाया। पहले से ही पुलिस सिविल ड्रेस में आसपास मौजूद रही जैसे ही तस्कर हथियार लेकर आए तो पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया साथ ही दोनों को पकड़ने के बाद जब आसपास तलाशी ली गई तो एक 315 की बंदूक एक अधिया, चार 315 बोर के देशी कट्टे, कारतूस बरादम हुए है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम शिशुपाल रावत पुत्र गुलाब सिंह रावत व चंद्रभान पुत्र प्रीतम सिंह रावत निवासी कैमारी गांव मोहना बताया। पुलिस ने आरोपियों से बरामद एक रायफल, एक अधिया और चार कट्टे जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।

अब तक कितने हथियार बेच चुके

अब पुलिस दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है, अभी तो पूछताछ में युवक पहली बार ही हथियार बेचने के लिए लाना बता रहे है लेकिन पुलिस को आशंका है कि इससे पहले भी यह हथियार सप्लाई कर चुके है, क्योंकि जंगल में इस तरह डील के लिए बुलाना बताता है कि यह हथियारों की तस्करी में माहिर है।