संगीत सोम की पत्नी सिमरन ठाकुर की राजनीति में रीएंट्री से हाईप्रोफाइल हुआ सरधना ब्लॉक प्रमुख चुनाव
मेरठ. उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत की सीटें पर परचम लहराने के बाद अब ब्लॉक प्रमुख के चुनाव (Block Pramukh Chunav) में भी बीजेपी (BJP) बढ़-चढ़कर किस्मत आजमा रही है. बात अगर मेरठ के सरधना ब्लॉक की करें तो बीजेपी विधायक संगीत सोम (Sangeet Som) की पत्नी सिमरन ठाकुर (Simran Thakur) गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगी. सिमरन ठाकुर पहले भी मेरठ के सरधना ब्लॉक की प्रमुख रह चुकी हैं. वहीं, संगीत सोम सरधना विधानसभा सीट से ही लगातार विधायक हैं. संगीत सोम की पत्नी की राजनीत में रीएंट्री से सरधना ब्लॉक का चुनाव हाईप्रोफाइल हो गया है.
अपने बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले बीजेपी के फायरब्रांड नेता और मेरठ के सरधना सीट से विधायक संगीत सोम की पत्नी एक बार फिर राजनीति में एंट्री ले रही हैं. इससे पहले वर्ष 2012 से लेकर वर्ष 2017 तक मेरठ के सरधना ब्लॉक की वह प्रमुख रह चुकी हैं. हालांकि वर्ष 2017 से अब तक बीजेपी के कुलदीप ब्लॉक प्रमुख का कार्यभार संभाल रहे हैं. वहीं, अब एक बार फिर बीजेपी ने सिमरन ठाकुर पर अपना भरोसा जताया है, जिसके बाद गुरुवार को सिमरन ठाकुर ब्लॉक प्रमुख पद के लिए बीजेपी प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी. माना जा रहा है कि इस इलेक्शन को संगीत सोम ने अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है. इसके बाद पत्नी को ब्लॉक प्रमुख बनाने के लिए संगीत सोम ने पूरा राजनीतिक व्यूह रच लिया है.
संगीत सोम के लिए प्रतिष्ठा का सवाल
पत्नी को निर्विरोध ब्लॉक प्रमुख बनाने के लिए संगीत सोम ने राजनीतिक बिसात बिछा दी है. मेरठ जिले में सरधना ब्लॉक का चुनाव सबसे अहम माना जा रहा है, क्योंकि इस चुनाव को संगीत सोम की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में संगीत सोम का अपनी विधानसभा क्षेत्र में कितना असर है, इसका रिजल्ट इसी ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में नजर आ जाएगा. यानी यह चुनाव सरधना विधानसभा सीट का सेमीफाइनल भी माना जा रहा है. राजनीति में किसके आंकड़े फिट होंगे और किससे मात मिलेगी यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा, फिलहाल सभी की निगाहें इस चुनाव पर बनी हुई हैं.