8 राज्यों के बदलेराज्यपाल , मंगूभाई पटेल को मप्र का बनाया राज्यपाल , थावरचंद को कैबिनेट से निकालकर सिंधिया के लिए जगह बनाई

नई दिल्ली. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को 8 राज्यों में नए गवर्नर नियुक्त किए है। इनमें मोदी कैबिनेट में शामिल सामाजिक न्याय मंत्री थावर चंद गहलोत का नाम भी शामिल है उन्हें कर्नाटक का गवर्नर बनाया गया है। ये बदलाव तब हुआ है जब मप्र भाजपा लीडर ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम अलगे कैबिनेट विस्तार के लिए तय हो गया है। 73 साल के थावर चंद 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद लगातार उनकी कैबिनेट में शामिल रहे है। जानकारी के अनुसार थावर चंद को राज्यपाल बनाकर मप्र कोटे से सिंधिया के लिए कैबिनेट में जगह खाली की गई है, हालांकि सिंधिया का प्रोफाइल क्या होगा ये अभी तय नहीं है। ये जरूर चर्चा है कि मोदी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपेंगे। अभी तक मप्र से मोदी कैबिनेट में 4 मंत्री थे। नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, थावर चंद गहलोत और फग्गन सिंह कुलस्ते।

इन राज्यों में नए गवर्नर नियुक्त हुए

हरियाणा में बंडारू दत्तात्रेय, मध्य प्रदेश में मंगूभाई पटेल, हिमाचल प्रदेश में राजेंद्रन विश्वनाथ अरलेकर, गोवा में पीएस श्रीधरन पिल्लई, झारखंड में रमेश बैस, त्रिपुरा में सत्यदेव नारायण आर्य और मिजोरम में हरी बाबू कम्भमपति को राज्यपाल बनाया गया है।

मोदी कैबिनेट का विस्तार 7 जुलाई को हो सकता है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 जुलाई को कैबिनेट का विस्तार कर सकते है। जानकारी मिली है कि मोदी 2.0 का पहला विस्तार बुधवार को सुबह 11 बजे होगा। कैबिनेट में अभी 28 मंत्री पद खाली है और बताया जा रहा है कि 17 से 22 सांसदों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा सकती है। वहीं पीएम मोदी ने 2 दिन तक गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा संगठन महामंत्री बीएल संतोष के साथ कैबिनेट विस्तार पर बैठकें की है।

मप्र, उप्र, बिहार, महाराष्ट्र से बनेंगे मंत्री

मप्र- राज्य में भाजपा की सरकार बनाने में अहम रोल निभाने वाले ज्योतिरादित्य सिंधिया मोदी कैबिनेट का नया युवा चेहरा बन सकते है, उनके अलावा जबलपुर से भाजपा सांसद राकेश सिंह का भी नाम है। मप्र से 1 से 2 नामों की चर्चा कैबिनेट विस्तार के लिए है।

बिहार- लोजपा से सांसद पशुपति कुमार पारस और जेडीयू के आरसीपी सिंह को मंत्री बनाया जा सकता है। बिहार से 2 से 3 नामों की चर्चा है।
उप्र- अपना दल की अनुप्रिया पटेल का नाम सबसे आगे है। अनुप्रिया पिछले महीने दिल्ली जाकर गृहमंत्री अमित शाह से भी मिली थीं। उनके अलावा वरूण गांधी, रामशंकर कठेरिया, अनिल जैन, रीता बहुगुण जोशी, जफर इस्लाम के नाम की भी चर्चा है।

महाराष्ट्र- महाराष्ट्र से भाजपा सांसद हिना गावित को केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है, उनके अलावा भूपेंद्र यादव, पूनम महाजन और प्रीतम मुंडे का नाम भी चर्चा में है।
3 पूर्व सीएम और एक डिप्टी सीएम की चर्चा

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे को भी केंद्र में मंत्री बनाया जा सकता है। तीरथ सिंह रावत ने 2 दिन पहले 3 जुलाई को ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। इनके अवाला बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील मोदी को भी मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है। इनके अलावा लद्दाख से भाजपा सांसद जामयांग नामग्याल, उत्तराखंड के अजय भट्ट या अनिल बलूनी, कर्नाटक से प्रताप सिन्हा, पश्चिम बंगाल से जगन्नाथ सरकार, शांतनु ठाकुर या निसिथ प्रामाणिक, हरियाणा से बृजेंद्र सिंह, राजस्थान से राहुल कासवान, ओडिशा वैष्णव, दिल्ली से परवेश वर्मा या मीनाक्षी लेखी का नाम भी शपथ लेने वालों में हो सकता है।