जिला न्यायालय से भाग वाहन चोर, देर रात तक मामले को छिपाती रही पुलिस

ग्वालियर. पुलिस के हाथ से एक बार फिर से बंदी फिसला हैं। इस बार कोर्ट रूम के बाहर से 2 पुलिस जवानों को चकमा देकर शातिर वाहन चोर भाग गया है। घटना शुक्रवार की शाम की है, पर पुलिस जवान अधिकारियों से बंदी भागने की बात छिपा कर उसकी तलाश करते रहे। रात को यह मामला पुलिस के पास पहुंचा हैं। जिस समय बंदी भागा दोनों जवान गपशप में व्यस्त थे, कब बंदी ने हाथ से रस्सी खिका ली और भीड़ में गायब हो गया पुलिस कर्मियों को पता ही नहीं चला। इन्दरगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बन्दी की तलाश शुरू कर दी हैं।

क्या है पूरा मामला

डबरा थाना पुलिस ने 7 दिन पहले मुखबिर की सूचना पर शातिर वाहन चोर प्रमोद बढई निवासी घाटीगांव को गिरफ्तार किया था। जब उसे थाने में पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की तो एक के बाद एक कई चोरी के वाहन उससे बरामद हुए थे। उसने ग्वालियर सिटी में भी कई वाहन चोरी की वारदातों को कुबूल किया था। सबसे ज्यादा वारदातें कंपू थानाक्षेत्र की थीं। शुक्रवार को पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद डबरा पुलिस उसे लेकर जिला कोर्ट में पहुंची थी। यहां कंपू थाना पुलिस को रिमांड मांगनी थी। कंपू थाना पुलिस समय पर नहीं पहुंची और डबरा से लेकर आए 2 पुलिस जवान उसे लेकर कोर्ट रूम के बाहर खड़े थे। अभी पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश नहीं किया था। कोर्ट रूम के बाहर दोनों जवान गपशप में लग गए और इसी बीच प्रमोद रस्सी खिसका कर भाग गया। जब कुछ देर बाद जवानों को वह नहीं दिखा तो उनके हाथ पांव फूल गए।

पुलिस ने कई ठिकानों पर दविश दी पर नहीं मिला

वाहन चोर के भाग जाने के बाद पुलिस ने उसके घर घाटीगांव समेत अन्य कई ठिकानों पर दविश दी, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया है। फिलहाल पुलिस उसके कुछ करीबियों पर दबाव बना रही है। इसके अलावा देहात थाने की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। इस पर एसपी अमित सांघी ने बताया कि वाहन चोर कोर्ट से भागा हैं। उसके खिलाफ इंदरगंज थाने मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई है।