ग्वालियर के नजदीक विशाखापत्तनम- हजरत निजामुद्दीन ट्रेन के AC कोच में लगी आग, बड़ा हादसा टला
ग्वालियर. ग्वालियर के नज़दीक आज एक रेल हादसा (Train accident) होते होते बचा. विशाखापत्तनम से हज़रत निज़ामुद्दीन जा रही ट्रेन में अचानक आग (Fire) लग गयी. चलती ट्रेन में B-2 कोच के AC पैनल में ये आग दोपहर करीब एक बजे डबरा और दतिया स्टेशन के बीच लगी. खबर मिलते ही ट्रेन को रोका गया. रेलवे स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य किया. फिर ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया.
चलती ट्रेन के AC कोच में लगी आग
विशाखापत्तनम से दिल्ली हज़रत निज़ामुद्दीन जा रही ट्रेन नम्बर 02851 के एसी कोच B-2 बोगी में से अचानक धुंआ उठा. घटना के वक्त ट्रेन कोटरा स्टेशन से डबरा स्टेशन के बीच थी. कोच में मौजूद यात्री आग देखकर घबरा गए. बोगी में मौजूद यात्रियों ने ट्रेन में चलने वाले एस्कॉर्ट स्टाफ को इसकी सूचना दी. स्टाफ़ ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो पाए. उसके बाद ट्रेन के स्टाफ ने इसकी सूचना झांसी स्थित कंट्रोल रूम को दी. साथ ही डबरा आरपीएफ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नंदलाल मीना को खबर दी.
बीच रास्ते में ट्रेन को रोका, बड़ा हादसा टला
खबर मिलते ही डबरा चौकी से रेलवे पुलिस बल मौके के लिए रवाना हो गया. आग के कारण ट्रेन को कोटरा और डबरा के बीच रोक दिया गया. रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल कोच को ख़ाली कराया. साथ ही ट्रेन में मौजूद फ़ायर इक्स्टिंग्विशर (fire extinguisher) की सहायता सेआग पर काबू पाया गया. उसके बाद AC पैनल को दुरुस्त कर ट्रेन को निजामुद्दीन के लिए रवाना किया गया.
शार्ट सर्किट की आशंका
विशाखापत्तनम - हज़रत निज़ामुद्दीन ट्रेन में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. गनीमत है कि समय रहते आग पर क़ाबू पा लिया गया. वरना किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता था. जिस स्थान पर यह घटना हुई वहां फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का पहुंचना काफ़ी मुश्किल होता.